बरेली, जागरण संवाददाता: कभी शहर की बदहाल सड़क और पार्क, जर्जर स्ट्रीट लाइटें, पेजयल आपूर्ति से जूझने वाला शहर अब स्मार्ट सिटी के रूप में पहचान बना रहा। 930 करोड़ रुपये की 63 परियोजनाओं में 41 परियोजनाएं पूरी कर ली गई। चौड़ी सड़कें, धर्म के साथ मनोरंजन को बढ़ावा देने वाली परियोजनाएं शामिल हैं। इन प्रोजेक्टों के शुभारंभ होने से शहर के विकास को पंख लग रहे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सात दिसंबर को स्मार्ट सिटी एवं नगर निगम के 15 से अधिक परियोजनाओं का शुभारंभ किया था।
तांगा स्टैंड और अर्बन हाट से बढ़ेगा बाजार का कद
शहर की तेजी से बढ़ती आबादी और अतिक्रमण से सड़कें छोटी पड़ने लगी थीं। शहर के छह वार्डों की सड़कों को स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत चौड़ा किया जा रहा है। जल निगम के सीवर लाइन डालने की वजह से कुछ स्थानों पर काम अब भी अवरूद्ध है, जिसे एक सप्ताह में पूरा करने का दावा किया जा रहा।
वहीं बाजार को नया आयाम देने के लिए विकास भवन स्थित अर्बन हाट और जंक्शन स्थित मालगोदाम रोड पर टांगा स्टैंड (व्यावसायिक भवन) तैयार किया जा रहा है। तांगा स्टैंड को फरवरी के दूसरे सप्ताह और अर्बन हाट को जून में चालू कराने का लक्ष्य रखा गया है।
अंडरग्राउंड केबल और रंग बिरंगी लाइटें माेह रहीं मन
शहर में स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत बिजली की लाइनों को अंडरग्राउंड करने का काम अंतिम चरण में है। फरवरी के अंत तक सभी कार्य पूरे करना का लक्ष्य रखा गया है। इससे जल्द ही खुले में लटकते तारों से मुक्ति मिल जाएगी। सभी तारों को भूमिगत करने का काम तेजी से किया जा रहा। वहीं शहरभर में फुटपाथ पर लगी रंग बिरंगी लाइटें हर किसी काे आकर्षित कर रही हैं।
तैयार प्रोजेक्ट लागत स्थान
- म्यूजिक सिस्टम 86 लाख गांधी उद्यान
- सी लाउंज 25 लाख सेटेलाइट, घंटाघर
- लेजर फांउटन 7.94 करोड़ अक्षर विहार
- घंटाघर जीर्णोंद्धार 87 लाख कुतुबखाना चौक
- भूलभुलैया 3.22 करोड़ गांधी उद्यान
- लाइट एंड साउंड शो 7.18 करोड़ पुरानी जेल
- स्मार्ट कियोस्क 85 लाख सिविल लाइंस
- स्मार्ट टायलेट 5.97 करोड़ 15 स्थानों पर
- फसाड लाइट 1.07 करोड़ तीन बिल्डिंग
- संजय कम्युनिटी सरोवर 8.55 करोड़ संजय कम्युनिटी सरोवर
- लाइब्रेरी 07 लाख नगर निगम
- पार्क सुंदरीकरण 4.99 करोड़ अलग-अलग पार्क
- मल्टीलेवल पार्किंग 15.62 करोड़ तीन स्थान
- ट्यूबवेल ऑटो मोड 17.89 करोड़ पूरे शहर
- आइसीसीसी 163.32 करोड़ नगर निगम
निर्माणाधीन प्रोजेक्ट
- अर्बन हाट 157.67 करोड़ विकास भवन
- स्काई वॉक 11.34 करोड़ पटेल चौक
- कुतुबखाना पुल 105.87 करोड़ कुतुबखाना
इन्होंने कहा…
नगर आयुक्त एवं सीईओ स्मार्ट सिटी निधि गुप्ता वत्स ने बताया कि स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत अब तक 41 प्रोजेक्ट पूरे कर लिए गए हैं। निर्माणाधीन परियोजनाओं को भी मार्च तक पूरा कर लिया जाएगा। कुतुबखाना पुल और अर्बन हाट भी जून में जनता का समर्पित कर दिए जाएंगे।