Bareilly Nidhi Samarpan Abhiyaan : शहर में दिखा रामभक्तों का उत्साह.. खत्म हो गए कूपन
Bareilly Nidhi Samarpan Abhiyaan मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के मंदिर निर्माण के लिए बरेली के लोगों का उत्साह ऐसा उमड़ा कि समर्पण राशि लेने के लिए जारी हुए कूपन ही खत्म हो गए। बहुत जल्द बरेली 10 100 और 1000 समर्पण निधि के लिए नए कूपन मंगवाए जा रहे हैं।
बरेली, जेएनएन। Bareilly Nidhi Samarpan Abhiyaan : मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के मंदिर निर्माण के लिए बरेली के लोगों का उत्साह ऐसा उमड़ा कि समर्पण राशि लेने के लिए जारी हुए कूपन ही खत्म हो गए। बहुत जल्द बरेली 10, 100 और 1000 समर्पण निधि के लिए नए कूपन मंगवाए जा रहे हैं। रामदूतों के पास बचे हुए कूपन से फिलहाल अभियान अनवरत जारी है। रामदूतों की टोलियां गली-गली संपर्क कर रही हैं।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक आनद के मुताबिक समर्पण निधि के लिए दो लाख परिवारों तक रामदूत पहुंच चुके हैं। करीब साढ़े चार लाख परिवारों तक संपर्क करना है। बहुत से दानदाता ऐसे हैं, जोकि खुद ही संपर्क कर रहे हैं। तयशुदा कार्यक्रम में 22 जनवरी तक अभियान चलाया जाना था।
केंद्रीय संगठन के निर्देशों में अभियान 27 फरवरी तक चलता रहना है। 30 जनवरी को विहिप और आरएसएस के पदाधिकारी एक समीक्षा भी जारी करेंगे। देखा जाएगा कि कितने रामभक्तों ने खुद संपर्क किया, जबकि कितने परिवारों तक रामदूत पहुंचे। 24 जनवरी को बड़े स्तर पर एक बार फिर अभियान चलाया जाना है। ताकि बचे हुए परिवारों तक पहुंच बनाई जा सके।