विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी में BPL कार्ड धारकों को राहत, राशन दुकानों पर 18 रुपए किलो मिलेगी चीनी

Published: Sun, 30 Aug 2026 07:23 PM (IST)

यूपी में बीपीएल कार्ड धारकों को 18 रुपये प्रति किलो की दर से चीनी मिलेगी, जिससे त्योहारों के बीच बढ़ती कीमतों से राहत मिलेगी।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. बीपीएल कार्डधारकों को 18 रुपये किलो चीनी मिलेगी।

  2. जिला पूर्ति विभाग तीन माह की चीनी देगा।

  3. बाजार में 65-70 रुपये किलो बिक रही चीनी।

जागरण संवाददाता, बरेली। त्योहारों के बीच चीनी के बढ़ते दामों ने आम आदमी को चौंका दिया है। ऐसे में सितंबर महीने में चीनी वितरण लोगों को थोड़ी राहत पहुंचाएगी। जिला पूर्ति विभाग की ओर से सस्ता गल्ला राशन की दुकानों पर हर महीने गेहूं चावल का वितरण किया जाता है। वहीं चीनी का वितरण तीन महीने में एक बार होता है। एक साथ तीन महीने की चीनी बीपीएल कार्ड धारकों को दी जाती है।

ऐसे में सितंबर, अक्टूबर व नवंबर माह की चीनी एक साथ बीपीएल यानी बिलो पावर्टी लाइन के कार्ड धारकों को वितरित की जाएगी। जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने बताया कि जिले में कुल 99,687 बीपीएल कार्ड धारक हैं। सभी को एक साथ तीन महीने की चीनी 18 रुपये प्रति किलोग्राम के अनुसार वितरित की जाएगी।

आठ सितंबर से 25 सितंबर मिलेगा राशन

इसके लिए अभी से तैयारी शुरू कर दी गई है। सभी राशन विक्रेता राशन का उठान करने में लगे हुए हैं। इसी के साथ चीनी का भी उठान किया जा रहा है। सामान्य बाजार में इन दिनों चीनी 65 से 70 रुपये प्रति किलो तक बेची जा रही है, लेकिन पूर्ति विभाग की ओर से चीनी पहले से तय दाम के अनुसार ही दी जाएगी।

पूर्ति विभाग के अनुसार प्रत्येक बीपीएल कार्ड पर एक माह के लिए सिर्फ एक किलो चीनी ही तय की गई है, भले ही परिवार में एक से अधिक यूनिट हों। माना जा रहा है कि आठ सितंबर से 25 सितंबर तक वितरण कार्य किया जाएगा।

फिलहाल अभी इसकी फाइनल तिथि आनी शेष है, लेकिन चीनी के बढ़े दामों के लिए यह वितरण लोगों को कुछ राहत जरूर पहुंचाएगा।

यह भी पढ़ें- रायबरेली में 178 डिजिटल लाइब्रेरी शुरू, ग्रामीण युवाओं को मिला शिक्षा का नया केंद्र