अमेरिकी राष्ट्रपति की सुरक्षा मेें तैनात होगा बरेली का बम डिस्पोजल स्क्वायड Bareilly News
भारत आ रहे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व उनकी पत्नी मेलानिया की हिफाजत में बरेली का बम डिस्पोजल स्क्वायड दस्ता शामिल होगा।
जेएनएन, बरेली : भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बुलावे पर दो दिवसीय दौरे पर भारत आ रहे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व उनकी पत्नी मेलानिया की हिफाजत में बरेली का बम डिस्पोजल स्क्वायड दस्ता शामिल होगा। जाे आगरा के लिए रवाना हाे चुका है। गौरतलब है कि 24 फरवरी को ताजनगरी आगरा में सुरक्षा के इंतजाम कडे़ कर दिए गए है। जिसके लिए शासन ने सुरक्षा मेें प्रदेश के तेज तर्रार पुलिस बल को नियुक्त किया है।
सुरक्षा को लेकर कडे़ इंतजाम
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व उनकी पत्नी मेलानिया की सुरक्षा को लेकर शासन ने प्रदेश भर से तेज तर्रार पुलिस कर्मियों की टीम को तैनात किया है। जिसमें शासन ने बरेली पुलिस व पीएसी के बम निरोधक दस्ते को को भी शामिल किया है। पुलिस व पीएसी दोनों के आधा आधा दर्जन पुलिस कर्मियों को चयनित करके टीमों का गठन किया है।
ताजनगरी आने की थी संभावना
24 फरवरी से दो दिवसीय भारत दौरे पर आ रहे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का दिल्ली से गुजरात जाने का कार्यक्रम पहले से ही निश्चित है। उनके आगरा आने को लेकर भी कई तरह से कयास लगाए जा रहे थे। अधिकारियों ने उनके आने का कार्यक्रम जारी कर दिया है। जिसके बाद अब सुरक्षा को लेकर आगे की कार्रवाई भी शुरू हो गई है।
पहले भी आ चुके है अमेरिकी राष्ट्रपति
इसके पूर्व में भी अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा भारत आ चुके है। जिनकी सुरक्षा के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए थे। उनकी सुरक्षा के लिए सात चक्र बनाए गए थे। जिसमें से सबसे करीब सीआइए का घेरा था। जिसके बाद एसपीजी का घेरा था। एनएसजी कमांडों का सुरक्षा चक्र था। उसके बाद सेना अफसरों सहित तेज तर्रार अफसरों को तैनात किया गया था। इसके बाद इंटेलीजेंस, एसपीओ का घेरा था। सबसे बाहर पुलिस का घेरा बनाया गया था।
तकनीक सुरक्षा से लैस था चप्पा-चप्पा
सुरक्षा को लेकर तकनीक का भी जबरदस्त पहरा बिठाया गया था। जिसमें कैमरों से लेकर कई गोपनीय और एडवांस डिवाईसों का प्रयोग किया गया था। इसके अलावा हेलीकाप्टर से भी सुरक्षा की गई थी। हांलाकि अमेरिका के राष्ट्रपति खुद भी अपनी सुरक्षा को लेकर आए थे। जिनके साथ कई अत्याधुनिक हथियारों और सुरक्षा से सबंधित उपकरण मौजूद थे। जिनका प्रयोग उन्होंने भारत में किया था।