बरेली में सड़क के गड्ढे में शव मिलने के बाद जागा प्रशासन, शुरू हुई स्मार्ट सिटी की सड़कों की मरम्मत
Bareilly Smart City स्मार्ट सिटी होने की कतार में खड़े शहर की बदहाल सड़कें सुधार की राह पर आती दिख रही हैं। लोक निर्माण विभाग कर्मी का एक गड्ढे में शव मिलने के बाद दैनिक जागरण ने बड़े धोखे हैं स्मार्ट सिटी की राह में...।
बरेली, जेएनएन। Bareilly Smart City : स्मार्ट सिटी होने की कतार में खड़े शहर की बदहाल सड़कें सुधार की राह पर आती दिख रही हैं। लोक निर्माण विभाग कर्मी का एक गड्ढे में शव मिलने के बाद दैनिक जागरण ने बड़े धोखे हैं स्मार्ट सिटी की राह में...। शीर्षक से दिए समाचार में शहर की प्रमुख सड़कों की बदहाल स्थिति पर सात नवंबर को प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया था। जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने इसका संज्ञान लिया और सड़कों को दुरुस्त कराने की कवायद शुरू कर दी। संबंधित विभागों को आदेश दिए, इसके बाद सोमवार को स्टेडियम रोड पर जलमग्न सड़क ठीक कराने की शुरुआत हुई।
ट्यूलिप टावर के सामने यहां बिना बरसात चल रहे जलभराव से एक बड़ा हिस्सा गड्ढों में तब्दील हो चुका था। यहां पानी भरने की वजह से गड्ढों का अंदाजा नहीं लगता था और दोपहिया वाहन चालक आए दिन चोटिल होते थे। सोमवार को यहां फौरी तौर पर डामर व गिट्टी डाल दी गई। वहीं संजय नगर में महीनों से अधूरी पड़ी सड़क भी पूरी करने का काम शुरू हो गया। आगे खुदी और नाले के ऊपर खुली सड़क का काम भी जल्द पूरा होने का आश्वासन अधिकारियों ने दिया है। यही नहीं, श्यामगंज से गांधी उद्यान के लिए आने वाली सड़क के किनारे भी स्मार्ट सिटी के तहत गाजियाबाद की एक कंस्ट्रक्शन कंपनी नाला खोदाई कर रही है। यहां खोदाई की जगह के आगे भी रिफ्लेक्टर टेप लगा दिया गया। जिससे आने-जाने वाले लोगों को गड्ढा खुदा होने की बात पता चल सके।