विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बरेली में कुत्तों ने चार साल के मासूम को नोंचकर मार डाला, शव की हालत देख कांप गया कलेजा

Published: Tue, 03 Mar 2026 02:44 PM (IST)

बरेली के शाही में चार साल के अर्श को आवारा कुत्तों ने नोचकर मार डाला। यह घटना सरकारी तंत्र की विफलता को उजागर करती है।

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, बरेली। यह चार साल के अर्श की मौत नहीं, पूरे सरकारी तंत्र की विफलता का परिणाम है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद स्थानीय अधिकारी आवारा कुत्तों पर लगाम नहीं लगा सके।

सोमवार को ऐसे ही कुत्तों का झुंड मासूम अर्श को खा गया। उसके गले और पेट से मांस नोच लिया। वो खुद बचने में समर्थ नहीं था, आसपास कोई बचाने वाला भी नहीं था।

कुछ देर बाद ग्रामीण उधर से गुजरे तो दम तोड़ चुके अर्श का मांस खाते कुत्तों को देखा। रोंगटे खड़े कर देने वाली इस घटना के बाद अधिकारी यह कहकर पीछा छुड़ा रहे कि अब कुत्ते पकड़वाएंगे।

खेत में खेल रहा था अर्श

शाही के सुकली गांव में रहने वाले कृषक खुर्शीद अपने बेटे अर्श को अक्सर खेत पर लेकर जाते थे। वह खेती करते जबकि अर्श वहां खेलता रहता था। स्वजन के अनुसार, सोमवार दोपहर को खुर्शीद घर पर ही थे। अर्श दरवाजे के पास खेल रहा था।

इसके बाद 200 मीटर दूर खेत तक चला गया। वह अकेला खेल रहा था, उसी दौरान कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। उसकी गर्दन दबोचकर जमीन पर गिराया, इसके बाद मांस नोचना शुरू कर दिया। दोपहर में अधिकतर कृषक खाना खाने चले जाते हैं इसलिए उसकी चीख सुनने वाला भी कोई नहीं था।

अर्श का मांस नोच रहे थे कुत्ते

कुछ देर बाद ग्रामीण खेत के पास से गुजरे तो कुत्तों का झुंड देखकर आशंका हुई। करीब जाकर देखा तो कुत्ते दम तोड़ चुके अर्श का मांस नोच रहे थे। कुत्तों को लाठी, डंडों से भगाने के बाद खुर्शीद को सूचना दी गई। उन्होंने बताया कि अर्श का शव लहूलुहान हो चुका था।

उसके शरीर के कई हिस्सों का मांस कुत्ते खा गए। थाना प्रभारी राजेश कुमार बैसला ने बताया कि बच्चे की मौत की सूचना पर पुलिस टीम गांव गई थी। खुर्शीद ने किसी पर आरोप नहीं लगाया।

बेटे का शव लहूलुहान देखकर उन्होंने पोस्टमार्टम से भी इन्कार कर दिया। मीरगंज एसडीएम आलोक कुमार सिंह ने बताया कि कुत्ते पकड़वाने के लिए नगर निकायों को निर्देशित कर रहे हैं। वे संस्था तय कर कुत्ते पकड़वाएंगे। अब तक क्यों नहीं पकड़े, इस सवाल को टाल गए।