Badaun Panchayat Chunav Result : हारे प्रत्याशी को ही दे दिया जीत का प्रमाण पत्र, एक मतपेटी को खोलना ही भूल गए कर्मचारी
Badaun Panchayat Chunav Result बदायूं के दातागंज में अफरा-तफरी के माहौल में चल रही मतगणना के दौरान ब्लाक पर कर्मियों की चूक से बड़ी गड़बड़ी हो गई। क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के एक हारे हुए प्रत्याशी को निर्वाचित होने का प्रमाण पत्र भी दे दिया गया।
बरेली, जेएनएन। Badaun Panchayat Chunav Result : बदायूं के दातागंज में अफरा-तफरी के माहौल में चल रही मतगणना के दौरान ब्लाक पर कर्मियों की चूक से बड़ी गड़बड़ी हो गई। एक मतपेटी खुलने से पहले ही परिणाम घोषित कर दिया गया। क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के एक हारे हुए प्रत्याशी को निर्वाचित होने का प्रमाण पत्र भी दे दिया गया। अब भूल सुधार करते हुए निर्वाचित प्रत्याशी को दूसरा प्रमाण पत्र देने की तैयारी की जा रही है।
दातागंज मंडी समिति में क्षेत्र पंचायत सदस्य सलेमपुर के पद के लिए वोटों की की गिनती चल रही थी। दो प्रत्याशियों लटूरी और जितेंद्र के बीच मुकाबला था। अलग-अगल मेजों पर गणना चल रही थी। तीन बूथों की तीन मतपेटिकाओं की गणना होनी थी। दो मतपेटिकाओं की गणना पूरी होने के बाद ही परिणाम घोषित कर दिया गया। इतना ही नहीं आनन-फानन में जितेंद्र को निर्वाचित घोषित करते हुए जीत का प्रमाण पत्र भी दे दिया गया। जब पता चला कि अभी एक मतपेटी की गणना ही नहीं हुई है तो जिम्मेदार अधिकारियों के होश उड़ गए।
तीसरी मतपेटी की गणना हुई तो लटूरी को 297 जबकि जितेंद्र को 248 मत मिले। इस हिसाब से लटूरी ने जीत दर्ज कर ली। पहले ही जीत का प्रमाण पत्र मिलने के बाद जितेंद्र वहां से गायब हो गया। मामले की शिकायत पुलिस से की गई, पुलिस ने जितेंद्र तलाश कर रही है। वहीं इस सीट पर अधिकारी अब दूसरा प्रमाण पत्र जारी करके उसको देने की बात कह रहे हैं। एडीओ चरण सिंह ने बताया कर्मचारियों की गलती की वजह से प्रमाण पत्र जारी हो गया, जिसको प्रमाण पत्र दिया गया है उसने प्रमाण पत्र रिसीव नहीं किया। जीतने वाले को प्रमाण पत्र दिया जाएगा।