Audio Viral : ‘हम पागल गाय नहीं ले जाते, मर जाएगी तो फिंकवा देंगे..’ Bareilly News
दुर्गा नगर में एक बेसहारा गाय ने तीन लोगों को गिराकर घायल कर दिया। स्थानीय पार्षद ने नगर निगम के मुख्य सफाई निरीक्षक को फोन कर गाय को उठाकर ले जाने को कहा।
बरेली, जेएनएन : एक तरफ बेसहारा गायें सड़क हादसों का बड़ा कारण बनने लगी हैं, वहीं नगर निगम के जिम्मेदार उतने ही असंवेदनशील। बुधवार को दुर्गा नगर में एक बेसहारा गाय ने तीन लोगों को गिराकर घायल कर दिया। स्थानीय पार्षद ने नगर निगम के मुख्य सफाई निरीक्षक को फोन कर गाय को उठाकर ले जाने को कहा। निरीक्षक ने बेहद असंवेदनशील जवाब दिया कि ‘मर जाएगी तो उठवाकर ¨फकवा देंगे।’ बातचीत का यह ऑडियो वायरल हो गया। लोगों में काफी रोष है।
वार्ड 65 के अंतर्गत मुहल्ला दुर्गा नगर में कृष्णा नगर गेट के आसपास की गलियों में बुधवार सुबह एक बेसहारा गाय ने जमकर उत्पात मचाया। गाय ने वहां से निकल रहे महेंद्र सिंह को तेज झटके से गिरा दिया। उनके सिर में काफी चोट आई। चंद्रपाल सिंह व एक अन्य युवक पर भी हमलावर हुई। यह लोग भी घायल हुए। डर से लोग गली से निकलने के बजाय घरों में बंद हो गए।
महापौर को फोन करने पर आई टीम
मामले की जानकारी होने पर स्थानीय पार्षद नरेश पटेल ने मुख्य सफाई निरीक्षक एके दुबे को फोन किया था। आरोप है कि सीएसआइ ने कहा कि पागल गाय को नहीं ले जाते हैं। गाय मर जाएगी तो उसे उठवाकर ¨फकवा देंगे। इस गाय को गोशाला ले जाने से भी मना कर दिया। उल्टा नसीहत दे दी, आइवीआरआइ या पशु चिकित्सालय में गाय का इलाज करवाओ। पार्षद ने महापौर को फोन किया तब शाम पांच बजे निगम की टीम गाय को पकड़ने पहुंची।
पार्षद ने फोन कर गाय को रेबीज होना बताया था। इस पर उनसे पशु चिकित्सालय से संपर्क करने को कहा था। गोशाला में ऐसी गाय रखने से वहां भी बीमारी फैलने की आशंका थी, इसलिए मना कर दिया। - एके दुबे, मुख्य सफाई निरीक्षक, नगर निगम