दूसरी महिला से किया निकाह विरोध करने पर पहली पत्नी को जलाने का किया प्रयास
एक युवक ने शादीशुदा होने के बाद भी एक अन्य महिला से निकाह कर लिया। जब यह बात उसकी पत्नी को पता लगी तो वे बिफर पड़ी।
बरेली, जेएनएन। एक युवक ने शादीशुदा होने के बाद भी एक अन्य महिला से निकाह कर लिया। जब यह बात उसकी पत्नी को पता लगी तो वे बिफर पड़ी। विवाद के बाद आरोप है पति ने महिला पर मिट्टी का तेल डालकर जिंदा जलाने का प्रयास किया। दोनों पक्षों ने थाने में भी जमकर हंगामा काटा। जिसके बाद पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है।
कस्बे के महेशपुरा गांव निवासी फरहीन ने बताया कि अप्रैल 2016 में उसका निकाह इमरान के साथ हुआ था। शादी के कुछ समय बाद दहेज के लिए उसे प्रताड़ित किया जमे लगा। जिस पर विवाहिता ने दहेज उत्पीड़न का मुकदमा भी पति व अन्य लोगों के खिलाफ दर्ज कराया। कुछ दिन पूर्व पीड़िता को पता लगा कि उसके पति ने बिना तलाक के चोरीछिपे दूसरा निकाह कर लिया है।
जिस पर वह अपने पुत्र अमन के साथ ससुराल जा पहुंची। विवाहिता के ससुराल पहुंचने पर पति पत्नी के बीच झगड़ा होने लगा।आरोप है कि इस बीच पति इमरान, ससुर रियासत, सास शाहजहां,देवर जीशान व शादाब ने उसके ऊपर मिट्टी का तेल छिड़ककर जान से मारने का प्रयास किया। दोनों पक्ष थाने पहुंच गए और वहां भी जमकर हंगामा काटा। विवाहिता की तहरीर पर पति समेत पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस घटना की जांच कर रही है।