Asian Games Final: ‘गोल्ड हमारा है!’, भारत-श्रीलंका महामुकाबले को लेकर बरेली की बेटियों में जागा नया जोश
एशियन गेम्स में भारत और श्रीलंका की महिला क्रिकेट टीमों के बीच खेले जा रहे फाइनल मैच को लेकर बरेली ...और पढ़ें

गार्गी गंगवार, आयुषी गौतम और मीनाक्षी यादव
जागरण संवाददाता, बरेली। एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल के लिए भारत और श्रीलंका की महिला क्रिकेट टीमों के बीच खेले जा रहे महामुकाबले को लेकर पूरे जिले में उत्साह का माहौल है। फाइनल मैच पर क्रिकेट प्रेमियों की नजरें टिकी हैं, तो वहीं बरेली की महिला खिलाड़ियों में भी इस मैच को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। जिले की बेटियां भारतीय टीम की जीत के लिए दुआएं कर रही हैं।
बरेली की महिला क्रिकेट कप्तान गार्गी गंगवार ने कहा कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने पूरी दुनिया में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उन्होंने कहा कि हमारी बहनों ने हर मोर्चे पर आगे बढ़कर देश का नाम रोशन किया है। चाहे गेंदबाजी हो या बल्लेबाजी, हर विभाग में टीम संतुलित है। हमें पूरा विश्वास है कि गोल्ड मेडल भारत का ही होगा।
गार्गी ने कहा कि इस तरह के बड़े फाइनल मुकाबले छोटे शहरों की लड़कियों के लिए प्रेरणा का काम करते हैं। जब वे टीवी पर भारतीय बेटियों को देश के लिए लड़ते देखती हैं, तो उनका भी हौसला बढ़ता है।
वहीं जिला स्तर की खिलाड़ी मीनाक्षी, दक्षिता और अन्य महिला क्रिकेटरों ने भी भारतीय टीम को शुभकामनाएं दीं। मीनाक्षी ने कहा कि भारतीय टीम का प्रदर्शन पूरे टूर्नामेंट में शानदार रहा है और फाइनल में भी वह अपना दबदबा कायम रखेगी। दक्षिता ने कहा कि वे सभी एक साथ बैठकर मैच देखेंगी और हर चौके-छक्के पर जश्न मनाएंगी।
स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रैक्टिस कर रही महिला खिलाड़ियों ने बताया कि वे मैच से पहले प्रार्थना कर रही हैं। कई खिलाड़ियों ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत की जीत का संकल्प लिया है। क्रिकेट एसोसिएशन से जुड़े कोच मनीष कुमार सिंह का कहना है कि महिला क्रिकेट में भारत का भविष्य बहुत उज्ज्वल है।
शहर के चौक-चौराहों, चाय की दुकानों और घरों में भी इस फाइनल को लेकर चर्चा तेज है। लोगों का कहना है कि भारतीय बेटियां जब मैदान में उतरती हैं तो पूरे देश का सिर गर्व से ऊंचा हो जाता है। बरेली की बेटियों को भरोसा है कि आज शाम तक तिरंगा सबसे ऊंचा लहरेगा और गोल्ड मेडल भारत के नाम होगा।
