छुट्टी पर आया सेना का जवान तस्करी में गिरफ्तार Bareilly News
दोपहर बाद एक ओमनी वैन आकर रुकी। इतने में पहले से जाल बिछाकर बैठे पुलिसकर्मी झपट पड़े और वैन में बैठे पांच लोगों को पकड़ लिया।
बरेली, जेएनएन : जम्मू में तैनात सेना का एक जवान अफीम की तस्करी के आरोप में पकड़ा गया। चार अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है। इनमें दो झारखंड के हैं।
क्राइम ब्रांच की इंटेलीजेंस विंग को सूचना मिली कि जंक्शन के पास मनोरंजन सदन के पास कुछ लोग बुधवार दोपहर को अफीम खरीदने के लिए खड़े हैं। तस्कर वहां अफीम लेकर आने वाले हैं। दोपहर बाद एक ओमनी वैन आकर रुकी। इतने में पहले से जाल बिछाकर बैठे पुलिसकर्मी झपट पड़े और वैन में बैठे पांच लोगों को पकड़ लिया।
पकड़े गए युवकों में सुरेंद्र कुमार सेना का जवान है। वह जम्मू में सतुआरी सेक्टर में तैनात है तथा बहेड़ी के ग्राम पिन्दारी का रहने वाला है। सुरेंद्र ने पुलिस को बताया कि वह 10 अगस्त को छुट्टी पर आया था। यहां कुछ लोगों ने उसे अपने जाल में फंसा लिया। जबकि पुलिस का कहना है कि सुरेंद्र ने अपने भाई के साले जयपाल के साथ मिलकर झारखंड के धनंजय व उदय से अफीम मंगवाई। इसके बदले दोनों को 90 हजार रुपये देने थे। इस अफीम को सुरेंद्र अपने साथी बहेड़ी के गवारी गांव निवासी भवरचंद्र गंगवार के साथ मिलकर बहेड़ी व रुद्रपुर में बेचता। इसके अलावा पुलिस ने बहेड़ी के रतनगढ़ गांव के शेर सिंह वैन चालक को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए सुरेंद्र, शेर सिंह, धनंजय, उदय व भवरचंद्र से 90 हजार रुपये मिले, डेढ़ किलो अफीम बरामद की गई। सभी को बाद में जेल भेज दिया गया।
झारखंड पुलिस से क्राइम ब्रांच को मिली थी सूचना
झारखंड पुलिस की सूचना पर क्राइम ब्रांच की टीम को सफलता मिली। झारखंड पुलिस ने क्राइम ब्रांच को सूचना दी कि झारखंड से अफीम तस्कर अफीम लेकर बरेली पहुंच रहे हैं। वहां से वह बहेड़ी की ओर जाने वाले हैं। इसी सूचना पर क्राइम ब्रांच ने जंक्शन के पास से पांचों को पकड़ लिया। अफीम को बहेड़ी व रुद्रपुर में बेचने की योजना थी।