अंत्योदय कार्ड धारकों को सरकार से मिलेगा ताेहफा, सरकारी रेट पर दीपावली से पहले मिलेगी चीनी
Government Diwali Gift दीपावली से पहले अंत्योदय कार्ड धारकों को सरकार ने तोहफा दिया है। सरकार इस बार राशन के साथ सरकारी रेट पर चीनी देने जा रही है। राशन की दुकानों से कार्डधारकों को तीन महीने तक लगातार चीनी वितरण के लिए निर्देशित किया गया है।
बरेली, जेएनएन। Government Diwali Gift : दीपावली से पहले अंत्योदय कार्ड धारकों को सरकार ने तोहफा दिया है। सरकार इस बार राशन के साथ सरकारी रेट पर चीनी देने जा रही है। राशन की दुकानों से कार्डधारकों को तीन महीने तक लगातार चीनी वितरण के लिए निर्देशित किया गया है। वहीं गोदाम को चीनी भी उपलब्ध करा दी है। सरकार ने अक्टूबर महीने से दिसंबर महीने तक चीनी उपलब्ध कराने की व्यवस्था कराई है। तीन किलो चीनी प्रति परिवार व प्रतिमाह के हिसाब से दी जाएगी। इसके लिए चीनी का आवंटन भी किया जा चुका है। सभी कार्ड धारकों को बाजार रेट पर न देकर कार्ड धारकों को चीनी 18 रुपये किलो के हिसाब से दी जाएगी।
पूर्ति विभाग के मुताबिक, दीपावली के त्योहार को देखते हुए शासन के निर्देश पर बरेली के 99,687 अंत्योदय कार्ड धारकों को तीन-तीन किलो चीनी देने का आदेश मिला है। चीनी का वितरण किए जाने के लिए ई-पोस मशीन में चीनी के विकल्प को अपडेट किया जा रहा है। जिससे सभी अंत्योदय कार्ड धारकों को 18 रुपये प्रति किलो चीनी दी जा सके। अंत्योदय कार्ड पर प्रति कार्ड एक किलो चीनी का वितरण 20 अक्टूबर से शुरू होना था।
अक्टूबर-नवंबर व दिसंबर में चीनी वितरित होती। लेकिन दीपावली के त्योहार को देखते हुए शासन ने चीनी वितरण व्यवस्था को बदलते हुए एक साथ तीनों महीने की चीनी दीपावली के पर्व को देखते हुए वितरण के निर्देश दिए हैं। जिला पूर्ति अधिकारी नीरज सिंह ने बताया कि शासन से मिले निर्देशों का पालन करते हुए ब्लाकवार आवंटन की व्यवस्था की गई है। चीनी वितरण तीन नवंबर की सुबह सात बजे से रात नौ बजे तक किया जाना है।