बरेली (भमौरा) जागरण टीम: भतीजी द्वारा पिटाई किये जाने से नाराज ताऊ उसके खून के प्यासे बन बैठे। छह माह से वह हर दिन किशोरी के अकेले मिलने के इंतजार में थे। मंगलवार को वही हुआ, किशोरी की दादी खेत पर थी। वह वापस आ गई।
आरोप है कि इस बात की जानकारी होते ही आरोपित ताऊ बेटों संग जा धमका और भतीजी के सीने में गोली दाग दी। घटनास्थल पर ही किशोरी की मृत्यु हो गई। वारदात के बाद आरोपित भाग खड़े हुए। दादी जब पहुंची तब रिया का शव देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। भमौरा पुलिस ने आरोपित जोगिंदर व उनके बेटों राजीव, राहुल के विरुद्ध प्राथमिकी लिख उनकी तलाश शुरू कर दी है।
दादी खेत से वापस लौटी तो उड़ गए होश
भमौरा के घिलौरा गांव निवासी रामसनेही ने पुलिस को दिये गए शिकायती पत्र में बताया कि मंगलवार को नातिन कुमारी रिया गुर्जर दोपहर दो बजे खेत पर चारा लेने गई थी। काफी देर तक जब वह वापस नहीं आई तब रिया को देखने के लिए खेत पर गई, वह नहीं मिली। वापस आई और घर के दरवाजे खुले थे। अंदर जाकर देखा तो बरामदे में पड़ी चारपाई पर रिया लेटी हुई दिखाई दी। पास में जाकर देखा तो रिया के सीने पर खून का निशान था। खून बह रहा था।
तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
यह देखते ही चिल्लाई, आस-पास के लोग इकट्ठे हो गए। उन्होंने जुगेंद्र, राजीव, राहुल पर हत्या का आरोप लगाया है। शिकायती पत्र के आधार पर भमौरा पुलिस ने तीनों के विरुद्ध प्राथमिकी लिख ली है। आरोपित जुगेंद्र रिश्ते में किशोरी का ताऊ है। किशोरी के पिता विजय उर्फ छोटू गुर्जर का वह तहेरा भाई है।