Corona Virus Update : शाहजहांपुर में कोरोना पॉजिटिव थानाध्यक्ष अल्हागंज की इलाज के दौरान मौत
कोरोना पॉजिटिव थानाध्यक्ष अल्हागंज की इलाज के दौरान लखनऊ में मौत हो गई। उनकी खांसी बुखार आने पर जांच कराई गई थी। 31 जुलाई को लखनऊ में भर्ती कराया गया था।
शाहजहांपुर, जेएनएन : कोरोना पॉजिटिव थानाध्यक्ष अल्हागंज की इलाज के दौरान लखनऊ में मौत हो गई। उनकी खांसी, बुखार आने पर जांच कराई गई थी। तबीयत ज्यादा खराब पर उन्हें 31 जुलाई को लखनऊ में भर्ती कराया गया था।
अल्हागंज थानाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह भदौरिया को करीब 15 दिनों से खांसी, जुकाम व बुखार आ रहा था। 25 जुलाई को उन्होंने जलालाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर कोरोना की जांच कराई तो रिपोर्ट निगेटिव आई थी। उसके बाद उन्होंने कई डॉक्टर से उपचार कराया लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। उसके बाद परिजन व थाने के पुलिसकर्मी 31 जुलाई को लखनऊ के पीजीआई लेकर पहुंचे। जहां उनकी कोरोना की दोबारा जांच कराई गई तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। हालत गंभीर होने पर उन्हें भर्ती कर लिया गया था। तब से लगातार उनका वही इलाज चल रहा था। रात करीब 2 बजे उनकी मौत हो गई।
2 जुलाई को हुआ था प्रमोशन
इंद्रजीत सिंह भदौरिया का 2 जुलाई को इंस्पेक्टर के पद पर प्रमोशन हो गया था। इसके बाद वह 15 दिन की ट्रेनिंग पर मेरठ गए थे।
क्या बोले एसपी
अल्लाहगंज थानाध्यक्ष की तबीयत खराब होने पर जिले में कोरोना की जांच कराई गई थी। यहां रिपोर्ट नेगेटिव आई थी। देर रात उनकी मौत की सूचना मिली। कोरोना से बचाव के लिए लगातार सभी पुलिसकर्मियों को जागरूक किया जा रहा है।
एस आनंद, एसपी