अखिलेश बोले, विधानसभा चुनाव सपा नहीं जीती तो समझो यह लोकतंत्र का आखिरी चुनाव होगा
समाजवादी पार्टी की मंडलीय कार्यशाला में तीसरे दिन शुक्रवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव शामिल हुए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को चुनावी गणित समझाया। बोले सियासी परिवेश में काफी बदलाव हुए हैं इसलिए कार्यकर्ताओं को अभी से तैयार होना पड़ेगा।
बरेली, जेएनएन। समाजवादी पार्टी की मंडलीय कार्यशाला में तीसरे दिन शुक्रवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव शामिल हुए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को चुनावी गणित समझाने के साथ योगी सरकार पर भी निशाना साधा।उन्होंने कार्यकर्ताओं सेे कहा कि सियासी परिवेश में काफी बदलाव हुए हैं, इसलिए कार्यकर्ताओं को अभी से तैयार होना पड़ेगा। सामने वाले की चाल को समझ कर चलना होगा और उसे उसी अंदाज में जवाब भी देना होगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि 2022 का चुनाव अगर समाजवादी पार्टी नहीं जीती तो फिर लोकतंत्र को कोई नहीं बचा पाएगा क्योंकि यह चुनाव लोकतंत्र का आखिरी चुनाव होगा। भाजपा सिर्फ झूठ की रणनीति बनाकर ही काम कर रही है। किसान गरीब समेत तमाम लोग सपा के साथ हैं। प्रदेश भर में हो रहे कार्यकर्ता सम्मेलन इसी को बयां कर रहे हैं। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव लड़ने के इच्छुक प्रत्याशी जो आवेदन कर रहे हैं, उनके लिए अगर हर गांव में 100 किसान घेरा कार्यक्रम कर लेंगे तो समझिए वैसे ही चुनाव जीत जाएंगे।
पार्टी की खातिर 61 दिन जेल रहने वाली नेहा यादव की अखिलेश ने मंच से तारीफ की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर चुटकी लेते हुए बोले, किसान रैली के दौरान एक छोटे से कार्यकर्ता के पीछे चार चार थानों की फोर्स लगा दी गई। कार्यकर्ता आगे आगे और पुलिस पीछे पीछे भाग रही थी। बोले, भाजपा ने कोई काम पूरा नहीं किया। बोले, मुख्यमंत्री को सिर्फ दो काम है, दिया जलाना और घंटा बजाना। बीच में लैपटॉप लेकर मॉडल नजर आने को सामने आए थे लेकिन बाबा जी की वेशभूषा सूट नहीं की। बोले, साधु संतों का तो हम वैसे ही सम्मान करते हैं चाहे वह किसी रूप में आए। वह शहर की सड़कों और हाईवे पर हुलासनगरा पुल की बदहाली पर भी बोले। कहा, एनएचएआई ने 14 साल से आज तक एक पुल नहीं बना पाई और सपा सरकार ने नौ माह में आठ लेन का ब्रिज तैयार करा दिया। उन्होंने कहा कि अगर सपा की सरकार आती है तो प्रदेश में एक्सप्रेस वे और बड़ी मंडिया बनाई जाएंगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सभी सीटें जीतने के लिए समीकरण बना लेने को कहा। बोले, किसान, सिख समेत तमाम लोग हमारे साथ हैं। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि आज जो हमारे साथ हो रहा, हम भी हिसाब चुकता जरूर करेंगे। उन्होंने कहा धरती पर सबसे बदलने वाले अगर कोई है तो वह है देश की पुलिस। उन्होंने प्रदेश सरकार के लिए टिप्पणी की, अंधेर नगरी चौपट राजा इसके आगे की बात जोड़ी और बोले दिन दहाड़े दुष्कर्म और रात भर गांजा, जिसको भी देखना है तो यूपी में आजा। साफ तौर पर कहा कि ऐसे लोगों से बहुत सावधान रहना है। बताया कि सपा सभी को पूरा सम्मान देगी।