विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अग्निवीर बनने के लिए देर रात से जुटने लगे अभ्यर्थी, बरेली में आयोजित भर्ती में 12 जिलों के युवा लगाएंगे दौड़

Published: Sun, 13 Sep 2026 09:42 PM (IST)

बरेली के जाट रेजिमेंट सेंटर में 14 से 30 सितंबर तक अग्निवीर सेना भर्ती शुरू हो गई है, जिसमें 12 जिलों के युवा हिस्सा ले रहे हैं।

अग्निवीर बनने के लिए देर रात से जुटने लगे अभ्यर्थी।

अग्निवीर बनने के लिए देर रात से जुटने लगे अभ्यर्थी।

HighLights

  1. जाट रेजिमेंट सेंटर बरेली में अग्निवीर भर्ती शुरू।

  2. 14 से 30 सितंबर तक चलेगी यह सेना भर्ती।

  3. 12 जिलों के हजारों युवा इसमें भाग लेंगे।

जागरण संवाददाता, बरेली। सेना में भर्ती होने का सपना देख रहे युवाओं के लिए जाट रेजिमेंट सेंटर में 14 से 30 सितंबर तक अग्निवीर सेना भर्ती सोमवार से शुरू हो रही है। इसके लिए रविवार देर रात से ही अभ्यर्थी जाट सेंटर के प्रवेश द्वार पर पहुंचने लगे। भर्ती के पहले दिन टेक्निकल ट्रेड में बरेली, फर्रुखाबाद, बदायूं, संभल व हरदोई समेत पांच जिलों के 990 से अधिक अभ्यर्थी मैदान में दौड़ लगाएंगे।

बरेली सेना भर्ती मुख्यालय के अनुसार 14 से 30 सितंबर तक चलने वाली अग्निवीर भर्ती में अग्निवीर जनरल ड्यूटी (जीडी), अग्निवीर टेक्निकल और अग्निवीर ट्रेड्समैन (आठवीं और दसवीं पास) उम्मीदवारों के लिए भर्ती होगी।

भर्ती में हरदोई, पीलीभीत, सीतापुर, बरेली, बहराइच, बलरामपुर, बदांयू, फर्रुखाबाद, लखीमपुर खीरी, संभल, शाहजहांपुर और श्रावस्ती समेत 12 जिलों के युवा प्रतिभाग करेंगे। भर्ती में वहीं उम्मीदवार भाग ले सकेंगे जिन्होंने एक से 12 जून तक आयोजित ऑनलाइन कामन एंट्रेस परीक्षा उत्तीर्ण की है।

जाट सेंटर में 14 से 30 तक चलने वाली अग्निवीर भर्ती का जिले-वार कार्यक्रम

  • 14 सितंबर: अग्निवीर (टेक्निकल) में बरेली, बदायूं, फर्रुखाबाद, हरदोई और संभल जिले के अभ्यर्थी।
  • 15 सितंबर: अग्निवीर (टेक्निकल) में सीतापुर, पीलीभीत, बहराईच, बलरामपुर, श्रावस्ती, शाहजहांपुर और लखीमपुर खीरी (ट्रेड्समेन आठवीं एवं दसवीं)।
  • 16 सितंबर: अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) लखीमपुर खीरी और बहराईच के लिए।
  • 17 सितंबर: अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) बलरामपुर, श्रावस्ती, सीतापुर और हरदोई जिले के बिलग्राम तहसील के लिए।
  • 18 सितंबर: अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) हरदोई जिले के युवाओं के लिए।
  • 19 सितंबर: अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) संभल जिले के लिए।
  • 20 सितंबर: अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) शाहजहांपुर जिले के लिए।
  • 21 सितंबर: अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) पीलीभीत और फर्रुखाबाद जिले के कैमगंज तहसील के लिए।
  • 22 सितंबर: अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) फर्रुखाबाद जिले के अमृतपुर, फर्रुखाबाद एव फतेहगंज तहसील के लिए।
  • 23 सितंबर: अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) बदायूं के बिल्सी, दातागंज और सहसवान तहसील के लिए।
  • 24 सितंबर: अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) बदायूं के बिसौली तहसील एवं बरेली के मीरगंज, नवाबगंज और बहेड़ी तहसील के लिए।
  • 25 सितंबर: अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) बरेली जिले के फरीदपुर, बरेली और आंवला तहसील के लिए।
  • 26 से 30 सितंबर: मेडिकल और पत्रावलियों की जांच।