जेल में बंदी को पीटने के बाद हत्यारोपित ने गला काटकर खुद को किया घायल, मचा हड़कंप Bareilly News
सफाई नायक की हत्या के आरोप में जेल में बंद हत्यारोपित ने जिला जेल के बंदी को जमकर पीटा। जिसके बाद आरोपित ने खुद की गर्दन व हाथ को काटकर घायल कर लिया।
बरेली, जेएनएन । सफाई नायक की हत्या के आरोप में जेल में बंद हत्यारोपित ने जिला जेल के बंदी को जमकर पीटा। इस दौरान जेलर आदि ने रोकने का प्रयास किया तो आरोपित ने खुद की गर्दन व हाथ को काटकर घायल कर लिया। जेल प्रशासन ने उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
2016 में नगर निगम के सफाई नायक राजीव की शहनाई बरातघर में बरात के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जिसमें संजीव, रंजीत समेत आधा दर्जन के खिलाफ मुकदमे दर्ज हैं। सभी जमानत पर बाहर हैं लेकिन संजीव जेल में बंद हैं। जेल अधीक्षक ने बताया कि संजीव ने जेल में आतंक मचा रखा है। आए दिन जेल में मारपीट करता है।
गुरुवार दोपहर में उसने एक बंदी को जमकर पीटा। जेलर राजू मिश्र समेत जेल सिपाही व लंबरदार ने रोकने का प्रयास किया तो उन पर हमला कर दिया। मना करने पर उसने खुद को जीने का कोना मारकर लहूलुहान कर दिया। उसे जेल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां देर रात वह फिर हंगामा करने लगा।
जिसके बाद डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं संजीव का आरोप है कि उसने खराब खाने की शिकायत की थी। जिसके कारण उसे पीटा गया। उसी दौरान वह गिरकर जीने से घायल हो गया।
संजीव ने एक बंदी को जमकर पीटा, मना करने पर जेलर से भिड़ गया। उसके बाद खुद को लहूलुहान कर घायल कर लिया। - उदय प्रताप मिश्र, जिला जेल अधीक्षक