Action : स्कूल में मिली गंदगी पर भड़के डीएम, कार्रवाई के निर्देश
बाजार बंद के पहले दिन डीएम नितीश कुमार ने शहर से लेकर देहात तक दौरा किया। भोजीपुरा के स्कूल में गंदगी मिलने पर भड़के डीएम ने जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई
बरेली, जेएनएन। बाजार बंद के पहले दिन डीएम नितीश कुमार ने शहर से लेकर देहात तक दौरा किया। भोजीपुरा के स्कूल में गंदगी मिलने पर भड़के डीएम ने जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश जारी किए। इससे पहले नगर निगम परिसर से गाडिय़ों को सैनिटाइजेशन के लिए रवाना करने के साथ भोजीपुरा में चप्पल निर्माण करने वाले महिला स्वयं सहायता समूह के कामकाज का निरीक्षण भी किया।
डीएम नितीश कुमार ने नगर निगम के बारह वाहनों को बाजारों एवं कामर्शियल काम्प्लेक्सेज पर सैनिटाइजेशन के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नगर आयुक्त अभिषेक आनंद समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इसके बाद डीएम भोजीपुरा के गांव गोपालपुर में शिवशक्ति स्वयं सहायता समूह के कामकाज देखने पहुंचे। यह समूह चप्पल निर्माण करता है। उन्होंने निर्माण इकाई की कार्यप्रणाली का अवलोकन करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यों से आत्मनिर्भरता की भावना बलवती होती है।
साथ में सीडीओ चंद्र मोहन गर्ग भी थे। उन्होंने बताया कि समूह में अभी दस महिलायें जुड़ी हुई हैं। इसके बाद डीएम ने भोजीपुरा ब्लॉक के आश्रम पद्वति स्कूल का भी निरीक्षण किया। वहां की सफाई व्यवस्था पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि इसके लिए उत्तरदायी कर्मियों पर कार्यवाही की जाए। उनके साथ मुख्य विकास अधिकारी श्री चंद्र मोहन गर्ग भी थे। जिलाधिकारी ने स्कूल की समस्त व्यवस्थाओं को सुचारू करने के निर्देश दिए।