हाईवे पर अस्थाई डिवाइडर से टकराई बरातियों से भरी स्कॉर्पियो
संस, फरीदपुर (बरेली) : दिल्ली-लखनऊ फोरलेन हाईवे पर शुक्रवार देर रात निर्माणाधीन टोल प्लाजा
संस, फरीदपुर (बरेली) : दिल्ली-लखनऊ फोरलेन हाईवे पर शुक्रवार देर रात निर्माणाधीन टोल प्लाजा के पास रखे अस्थाई डिवाइडर से टकरा कर बरातियों से भरी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पलट गई। हादसे में चालक की मौत हो गई। जबकि आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
गाजियाबाद जिले के लोनी थाना में मुस्तफाबाद निवासी इरफान, शानू, वसीम, आसिफ, सलमान, आमिर, अमित और शाहरूख अपने दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए शाहजहांपुर आ रहे थे। शुक्रवार रात सभी स्कॉर्पियो में सवार होकर चले थे। कार शाहरूख चला रहा था। देर रात तीन बजे कार जैसे ही दिल्ली-लखनऊ राजमार्ग पर फरीदपुर के निर्माणाधीन टोल प्लाजा के पास पहुंची, तभी अचानक खुदी पड़ी सड़क के आगे अस्थाई सीमेंटेड डिवाइडर आ गए। डिवाइडर दिखाई न देने से स्कॉíपयो सीधे उन्हीं से जा टकराई। इसी दौरान कार का एक पहिया भी निकल गया और कई बार पलट गई। हादसे के बाद सभी लोग क्षतिग्रस्त कार में ही फंस गए। सभी अंदर घायलावस्था में चीखने चिल्लाने लगे, मगर बाहर नहीं निकल सके। हादसे के बाद घायल मदद के लिए चीख रहे थे, मगर हाईवे पर वाहन रोककर किसी ने मदद नहीं की। कुछ देर बाद गन्ना डालकर लौट रहे ट्रैक्टर चालक धीरेंद्र वहां पहुंचे और क्षतिग्रस्त कार देखकर उन्होंने डायल 100 को फोन किया। तब पुलिस आई और एंबुलेंस बुलाकर सभी को बरेली जिला अस्पताल भेजा गया। रास्ते में चालक शाहरूख की मौत हो गई। जबकि अन्य घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।