मरी बेटी पैदा होने का गम बर्दाश्त नहीं कर पाई प्रसूता, उठाया ऐसा कदम कि सब रह गए अवाक: Bareilly News
एक साल पहले दोनों की शादी हुई थी। घर में नन्हा मेहमान आने की खबर से दंपती खुश थे। एक सप्ताह पहले प्रसव पीड़ा होने पर पत्नी को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बरेली, जेएनएन : एक साल पहले दोनों की शादी हुई थी। घर में नन्हा मेहमान आने की खबर से दंपती खुश थे। परिजनों ने भी खूब तैयारियां कर रखी थी। एक सप्ताह पहले प्रसव पीड़ा होने पर पत्नी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। मरी हुई बच्ची पैदा होने से खुशियां मातम में बदल गईं।
अपने जज्बातों को काबू में कर परिवार ने खुश को संभाला। लेकिन प्रसूता अवसाद में चली गई। जिला महिला अस्पताल मे उसका इलाज कराया जा रहा था। रविवार तड़के प्रसूता ने छत से कूदकर आत्महत्या कर ली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया। प्रसूता के आत्मघाती कदम उठाने से परिजनों में बेसुध हो गए।
मूलरूप से बिहार के जिला आरा के गांव पैरा निवासी पूजा (26) की शादी एक साल पहले भमोरा बल्लिया के लहर गांव निवासी राकेश पुत्र गजराम से हुई थी। एक हफ्ते पहले राकेश व उसके परिजनों ने पूजा को प्रसव के लिए महिला अस्पताल में भर्ती कराया। छह दिन पहले उसने मृत बच्ची को जन्म दिया। पूजा को इसका पता चला तो उसे गहरा सदमा लगा। ऑपरेशन होने के कारण प्रसूता को ओल्ड मैटरनिटी वार्ड में भर्ती किया गया था।
रविवार तड़के करीब चार बजे पूजा उसके पास रुकी सास को झांसा देकर छत पर पहुंच गई। अचानक पूजा की चीख सुनकर सभी लोग वार्ड के पीछे बनी पार्किंग में पहुंचे तो पूजा तड़प रही थी। जब तक सास समेत वहां मौजूद लोग कुछ करते पूजा की मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार को ही पूजा का भाई सूरज व चाचा मुन्ना उससे मिलने आए थे और उसे समझाया था।
स्टाफ से स्पष्टीकरण मांगा
जिला महिला अस्पताल की सीएमए डॉ. अलका शर्मा ने कहा बताया कि प्रसूता की हरकतें कुछ अटपटी हो गई थी। बार-बार वार्ड से निकलकर भागने का प्रयास कर रही थी। उसका सीटी स्कैन व अन्य जांचे भी कराई थी। सुबह करीब पौने पांच बजे डॉक्टर ने फोन कर उसके छत से गिरने की सूचना दी। वार्ड में तैनात स्टाफ का स्पष्टीकरण मांगा है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप