Lockdown : बरेली में भूख से तड़प रहे रैन बसेरा में फंसे दर्जन भर यात्री Bareilly News
कोरोना वायरस का फैलाव रोकने के लिए लॉकडाउन की मार ङोल रहे यात्रियों की हालत खराब है। जो बीच रास्ते में फंस गए हैं
बरेली, जेएनएन । कोरोना वायरस का फैलाव रोकने के लिए लॉकडाउन की मार ङोल रहे यात्रियों की हालत खराब है। जो बीच रास्ते में फंस गए हैं, वह न तो घर पहुंच सके, न ही वापस कार्यस्थल। 21 दिन के इस लॉकडाउन के बाद परिवहन सेवा पूरी तरह ठप है। रैन बसेरों में उनका सामना असुविधाओं से हो रहा है। नगर निगम के पास बने रैन बसेरा में 12 यात्री फंसे हैं। वहां खाने की भी सुविधा नहीं है।
सभी होटल बंद हैं और राशन मिल नहीं पा रहा है। रैन बसेरा में अपना ठिकाना बनाए दिल्ली से आरा बिहार जा रहे विनोद ठाकुर ने बताया कि जेब में खाने के पैसे नहीं हैं। बस किराए के पैसे ही बचे हैं। इसी प्रकार बदायूं निवासी रतन पाल भी फंस गए है। चाह कर भी अपने घर नहीं जा पा रहे हैं। लखनऊ निवासी रिटायर्ड फौजी मुन्ना ने बताया कि वह गाजियाबाद में सिक्योरिटी कंपनी में नौकरी करते हैं। घर से नौकरी पर जा रहे थे लेकिन, यहीं फंस गए। खाने के भी लाले पड़ गए हैं।
सभी ने मदद से किया इन्कार
चौकीदार महेंद्र ने बताया कि नगर निगम के साथ शासन-प्रशासन को सूचना दी। यहां तक कई आपातकालीन नंबरों पर शिकायत की लेकिन, सभी ने हाथ खड़े करते हुए मदद से इन्कार कर दिया। एक दर्जन यात्री यहां फंसे हैं, लेकिन खाने तक की व्यवस्था नहीं हैं। चंदा करके किसी तरह गुजर-बसर हो रहा है।