Action : सामूहिक दुष्कर्म का वीडियो बनाकर 39 लोगो से महिला का कराया दुष्कर्म, मामला दर्ज Bareilly News
पति की गैरहाजिरी में महिला से एक साल तक दुष्कर्म करने वाले 39 आरोपितों पर मंगलवार को मुकदमा दर्ज कर लिया गया। इनमें चार नामजद व 35 अज्ञात शामिल हैं।
जेएनएन, बरेली : पति की गैरहाजिरी में महिला से एक साल तक दुष्कर्म करने वाले 39 आरोपितों पर मंगलवार को मुकदमा दर्ज कर लिया गया। इनमें चार नामजद व 35 अज्ञात शामिल हैं। थाना कैंट क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली महिला का आरोप है कि साल भर पहले गांव के ही दबंग प्रवृत्ति के अमित उर्फ हफला, शंभू, चमन व पुष्पेंद्र ने पति की गैरहाजिरी में सामूहिक दुष्कर्म किया और वीडियो बना लिया।
Blackmail कर कराया 35 लोगो से दुष्कर्म : वीडियो वायरल करने के नाम पर ब्लैकमेल करने लगे। चारों आए दिन पति की गैरमौजूदगी में अनजान लोगों को घर लाते और उसके साथ दुष्कर्म कराते। पीडि़ता ने बताया कि पति को इसकी जानकारी शनिवार को उस समय हुई, जब वह घर पर थे और आरोपित दो लोगों को लेकर आ गए। पति के सामने आने पर आरोपित भाग गए। तब पीडि़ता ने पति को आपबीती सुनाई।
SP Crime से शिकायत के बाद दर्ज हुआ केस : महिला के पति ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर एसपी क्राइम रमेश कुमार भारतीय से मामले की शिकायत की थी। एसपी क्राइम के निर्देश पर कैंट थाना पुलिस ने जांच के बाद अमित उर्फ हफला, शंभू, चमन व पुष्पेंद्र व 35 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।इसके साथ ही मामले की जांच शुरु हो गई है।
ढाई लाख लिया उधार लेने का लगाया आरोप : दूसरे पक्ष के लोग भी बुधवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचे। उनका कहना था कि उनके पक्ष के लोगों को गलत फंसाया जा रहा है। पीडि़ता के पति ने उनसे ढाई लाख रुपये उधार लिए थे। रुपये वापस मांगने पर झूठा मुकदमा करा दिया।
महिला की शिकायत पर सामूहिक दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। दूसरे पक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-शैलेश पांडेय, एसएसपी