बरेली की केंद्रीय व जिला जेल में 2.17 करोड़ रुपये से होगा सुधार, ये बढ़ेंगी सुविधाएंं
शासन ने जेलों में व्यवस्थाएं बेहतर बनाने के लिए उनके सुधार की योजना बनाई है। इसी क्रम में केंद्रीय व जिला कारागार के सुधार के लिए 2.17 करोड़ रुपये का बजट जारी किया है। सुधार कराने के लिए पीडब्ल्यूडी को कार्यदायी संस्था के रूप में चुना गया है।
बरेली, जेएनएन। शासन ने जेलों में व्यवस्थाएं बेहतर बनाने के लिए उनके सुधार की योजना बनाई है। इसी क्रम में केंद्रीय व जिला कारागार के सुधार के लिए 2.17 करोड़ रुपये का बजट जारी किया है। सुधार कराने के लिए पीडब्ल्यूडी को कार्यदायी संस्था के रूप में चुना गया है। इस रकम से दोनों जेलों में बंदियों, मिलाई को आने वालों और कारागार कर्मियों के लिए सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी।
30 की क्षमता के बनेंगे आठ बैरक
नवीन जिला कारागार में 30 क्षमता की आठ बैरक में कुल 56 सेल का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही शौचालय, पार्टीशन दीवार समेत बैरक के चारों ओर बरामदे को तार से कवर किया जाएगा। इसकी लागत करीब 1.28 करोड़ रुपये रखी गई है। इसके साथ ही जिला कारागार में मुख्य द्वार के बाहर तलाशी कक्ष का निर्माण होगा। इसमें करीब 12 लाख रुपये खर्च होंगे।
केंद्रीय कारागार में गोदाम, नियंत्रण कक्ष
योजना के तहत केंद्रीय कारागार में पांच गोदामों का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए 50 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा वहां करीब सात लाख रुपये की लागत से एक नियंत्रण कक्ष भी बनाया जाएगा। केंद्रीय कारागार में मुस्तैद रहने वाली पीएसी फोर्स के लिए आवासीय भवन भी बनाए जाएंगे। इसमें करीब 20 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है।
केंद्रीय व जिला कारागार में निर्माण के कार्य होने हैं। इनका सर्वे कर एस्टीमेट तैयार किए गए हैं। जल्द टेंडर निकालकर कार्य शुरू करवाए जाएंगे। पीके बांगड़ी, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी