नींद में चलने की बीमारी बनी आफत! रात के अंधेरे में चलती ट्रेन से अचानक नीचे गिरी बच्ची, RPF की मुस्तैदी से बची जान
लालकुआं एक्सप्रेस से भोजीपुरा स्टेशन के पास एक 10 वर्षीय बच्ची चलती ट्रेन से गिर गई। रेलवे सुरक्षा बल ने ...और पढ़ें
जागरण संवाददाता, बरेली। लालकुआं एक्सप्रेस (15061) से 10 वर्षीय बच्ची बुधवार रात भोजीपुरा स्टेशन से कुछ दूर आगे चलती ट्रेन से नीचे गिर गई। रेलवे सुरक्षा बल के कर्मियों ने बच्ची को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद स्वजन ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
नेकपुर, सुभाषनगर निवासी रामबती बुधवार रात अपनी 10 वर्षीय नातिन को किच्छा स्थित घर छोड़ने जा रही थीं। इसी दौरान भोजीपुरा स्टेशन से आगे बच्ची ट्रेन से नीचे गिर गई।
स्वजन के अनुसार, बच्ची को नींद में चलने की दिक्कत है। घटना की सूचना मिलने पर रेलवे सुरक्षा बल के कर्मियों ने बच्ची को तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया।
जीआरपी सिटी बरेली के प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि बच्ची को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
यह भी पढ़ें- बरेली: डॉक्टर पति की हैवानियत, पत्नी को दिए जहरीले इंजेक्शन फिर छत से नीचे फेंका; 7 पर प्राथमिकी दर्ज
