महिला पहलवान ब्यूटी के दांव से प्रिया चित
महिला पहलवान ब्यूटी के दांव से प्रिया चित
बाराबंकी : देवा मेला में चल रहे दंगल में सोमवार को नामी पहलवानों के साथ ही महिला पहलवानों ने भी दांव आजमाइश की।
दंगल में पहली कुश्ती चंडीगढ़ के जगदीश व बरेली के मनोज के बीच हुई। निर्धारित समय से ज्यादा चली कुश्ती का कोई परिणाम नहीं निकला। इसके बाद धनीराम बिहार व हिटलर गाजीपुर के बीच हुई कुश्ती का भी कोई निर्णय नहीं हो पाया। कुश्ती बराबर पर छूटी। यह कुश्ती कांटे की रही। तीसरी कुश्ती में राजस्थान के गुरुदयाल व नेपाल के बसंत थापा के बीच हुई। इसमें बसंत थापा ने जीत दर्ज की। शिवानंद संतकबीर नगर व अलीगढ़ के इरशाद के बीच हुई कुश्ती बराबर पर छूटी। मुन्ना गोरखपुर व हिमाचल प्रदेश के बादल के बीच हुई कुश्ती में मुन्ना ने जीत दर्ज की। गनी कलियर शरीफ व हिटलर गाजीपुर के बीच हुई कुश्ती में गनी ने शानदार जीत दर्ज की। नदीम अलीगढ़ व सुरेंद्र बरेली के बीच हुई कुश्ती बराबर पर रही। दंगल में महिला पहलवानों ने भी अपने दांव दिखाए। महिला पहलवानों की कुश्ती दिल्ली की प्रिया व ब्यूटी गाजियाबाद के बीच हुई, जिसमें ब्यूटी ने जीत दर्ज की। राधा गाजीपुर और अनामिका गोरखपुर के बीच हुई कुश्ती बराबर पर रही। इसके अलावा स्थानीय पहलवानों के बीच भी कई कुश्तियां हुई। मोहम्मद अरमान, हामिद, जितेंद्र रावत, रिजवान रिज्जु, सलाहुद्दीन सहित काफी कुश्ती प्रेमी मौजूद रहे।