यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 18, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मौसम ने फिर ली करवट, दो और मरे

बाराबंकी: दिन के समय तापमान बढ़ने के बावजूद लोगों को राहत नहीं मिली। शाम को हुई बारिश ने एक बार फिर लोगों को कंपकपाने के लिए मजबूर कर दिया है। इस बीच हैदरगढ़ क्षेत्र में ठंड से दो लोगों की मौत हो गई है। मौसम में आए अचानक इस बदलाव से सब्जी और आलू की फसलों को नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि गेहूं की फसल के लिए इसे फायदेमंद माना जा रहा है।
हैदरगढ़ संवादसूत्र के अनुसार कोतवाली अंतर्गत रनापुर गांव में ठंड से 50 वर्षीय सियाराम व 40 वर्षीय महराजदीन की पत्नी की मौत हो गई है। ज्ञातव्य है कि पिछले एक पखवारे से चल रही भीषण ठंड से शुक्रवार को लोगों को उस समय थोड़ी राहत मिली थी जब धूप निकलने के आसार बनने लगे थे। तापमान में भी बढ़ोत्तरी हुई थी जिससे लग रहा था कि मौसम सामान्य हो जाएगा लेकिन शाम होते-होते हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई जो देर रात तक बारिश में तब्दील रही।
बारिश से सर्वाधिक परेशानी उन लोगों को उठानी पड़ रही है जो खुले आसमान के नीचे डेरा डाले हुए हैं। बस स्टेशन व रेलवे स्टेशनों पर यात्री बेहाल रहे। जिला चिकित्सालय में एक स्थान पर ही अलाव जल रहा है।
रामसनेहीघाट संवादसूत्र के अनुसार कंपकंपा रहे लोगों को राहत पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन ने तहसील सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम में 700 गरीबों को कंबल बांटे। इस दौरान लोग ठंड से बेहाल रहे। ठंड से लोगों को राहत देने में स्वयंसेवी संस्थाएं भी आगे आयी हैं। आकांक्षा नर्सिग होम, क्षेत्रीय गैस एजेंसी व पब्लिक हास्पिटल ने भी लेागों को कंबल बांटे हैं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
