अगरबत्ती से बिखरेगी समृद्धि की खुशबू
मोमबत्ती से फैलेगा जिदगी में उजियारा। चालीस ग्राम पंचायतों के करीब 70 स्वयं सहायता समूहों की दीदियां मिसाल बनेंगी।
राघवेंद्र मिश्रा, सूरतगंज, बाराबंकी
मन में कुछ कर गुजरने की ललक हो तो रास्ते खुद तैयार हो जाते हैं। सूरतगंज ब्लाक अंतर्गत करीब चालीस ग्राम पंचायत की करीब 70 स्वयं सहायता समूहों की दीदियां इसकी मिसाल बनेंगी। अगरबत्ती की सुगंध और मोमबत्ती का उजियारा आर्थिक तरक्की की राहें खोलेगा। घर का कामकाज निपटाने के बाद दीदियां अगरबत्ती और मोमबत्ती बनाकर माह में पांच हजार रुपये की बचत करेंगी। दस दिवसीय प्रशिक्षण के उपरांत महिलाएं स्वालंबी बन सकेंगी। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) स्वयं सहायता समूह महिलाओं को रोजगार मुहैया कराकर आत्मनिर्भर बनाएगा।
सूरतगंज ब्लाक में करीब 11 सौ समूह संचालित हैं, जिनसे तकरीबन 12 हजार महिलाएं संबद्ध हैं। सरकार भी इन समूहों को बढ़ावा दे रही है। सैकड़ों महिलाएं स्वरोजगार से हजारों रुपये की आमदनी भी कर रही हैं इसी क्रम में यहां के 40 गांवों की करीब 70 महिलाओं को रोजगारपरक बनाने के लिए चयनित किया गया है। प्रत्येक समूह की एक-एक महिला को अगरबत्ती व मोमबत्ती बनाने के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है।
दस दिवसीय प्रशिक्षण : केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय भारत सरकार के अधीनस्थ बीओआइ स्टार आरसेटी इन महिलाओं को स्वालंबी व सशक्त बनाने के लिए प्रशिक्षित कर रहा है। बैंक ऑफ इंडिया के संकाय व कोर्स को-आर्डिनेटर एम रहमान ने बताया कि दस दिवसीय प्रशिक्षण में महिलाओं को मोमबत्ती और अगरबत्ती बनाने के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा, जो कि घर से व्यवसाय कर सकेंगी। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम 26 अक्टूबर को संपन्न होगा।
घर बैठे मिलेगी सामग्री, आसानी से बाजार में पहुंचेगा माल : रंगीन मोमबत्ती और विभिन्न सुगंध की अगरबत्ती बनाने के लिए कच्चे माल की आपूर्ति गोरखपुर के इंजिनियर निमित सिंह करेंगे। तैयार माल की बिक्री भी निमित सिंह के माध्यम से होगी।
पांच हजार तक की बचत : ब्लाक मिशन प्रबंधक मोनू श्रीवास्तव ने बताया कि दो बैच के माध्यम से 70 महिलाओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्रत्येक समूह से एक-एक महिला का चयन किया गया है। ये महिलाएं प्रशिक्षित होकर समूह की अन्य महिलाओं के साथ मोमबत्ती व अगरबत्ती बनाएंगी। ये महिलाएं करीब पांच हजार रुपये की बचत घर बैठे कर सकती हैं।
सहायक विकास अधिकारी (एनआरएलएम), सूरतगंज अमर सिंह ने बताया कि चयनित महिलाओं को ब्लाक सभागार में बीओआइ स्टार आरसेटी प्रशिक्षण दे रही है, ताकि ये महिलाएं रोजगारपरक व आत्मनिर्भर बन सकें। सके। कच्चा माल उपलब्ध कराने और निर्मित माल को बाजार में पहुंचाने की जिम्मेदारी निमित सिंह को दी गई है।