घर में घुसे बदमाश, पीछा करने पर मारा हथगोला
छत के रास्ते घुसे बदमाशों की आहट पर परिवारजन जगे तो बदमाश भागने लगे। एक युवक ने बदमाशों का पीछा किया तो उस पर हथगोले से हमला कर घायल कर दिया। घायल को गंभीर हालत में लखनऊ में भर्ती कराया गया है।
बाराबंकी : छत के रास्ते घुसे बदमाशों की आहट पर परिवारजन जगे तो बदमाश भागने लगे। एक युवक ने बदमाशों का पीछा किया तो उस पर हथगोले से हमला कर घायल कर दिया। घायल को गंभीर हालत में लखनऊ में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा किया है। पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद ने भी घटनास्थल का जायजा लिया और कुर्सी पुलिस को वारदात का जल्द राजफाश करने के निर्देश दिए हैं। कुर्सी थाना के ग्राम जबरीखुर्द के जमील के मकान में सोमवार रात करीब ढाई बजे दो बदमाश छत के रास्ते लूटपाट के इरादे से घुस गए। बदमाशों की आहट पर परिवारजन जगे तो घर में मौजूद जमील के दामाद ने शोर मचा दिया। बाहरी हिस्से में सो रहे जमील के पुत्र दानिश ने देखा कि बदमाश भाग रहे हैं। पीछा करने पर बदमाशों ने उस पर हथगोला से हमला कर दिया। इससे दानिश घायल हो गए और दोनों बदमाश अपने तीन अन्य साथियों के साथ भाग गए। हथगोले की आवाज से आसपास के लोग जग गए और घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज शैलेंद्र कुमार आजाद ने घायल को लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। निरीक्षक धर्मवीर सिंह और सीओ योगेंद्र कुमार ने भी जायजा लेकर घर वालों के बयान दर्ज किए। एसपी यमुना प्रसाद ने भी मंगलवार को घटना स्थल का जायजा लिया और घटनाक्रम परिवारजन के जाना।
सीओ फतेहपुर ने बताया कि जमील की तहरीर के अनुसार मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, बदमाश घर से कुछ लेकर नहीं गए हैं। बदमाशों की तलाश में तीन टीमें लगाई गई हैं।