हत्या कर घर में ही दफना दिया छोटी बहन का शव
खंता सरैंया में एक युवती ने अपनी छोटी बहन की हत्या कर उसके शव को घर में ही दफना दिया। पुलिस ने शव को बरामद कर भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपिता को गिरफ्तार कर लिया है।
बाराबंकी : खंता सरैंया में एक युवती ने अपनी छोटी बहन की हत्या कर उसके शव को घर में ही दफना दिया। पुलिस ने शव को बरामद कर भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपिता को गिरफ्तार कर लिया है।
कल्लू रावत की 12 वर्षीय पुत्री गायत्री देवी 22 सितंबर से लापता थी। पुलिस को दी तहरीर में धर्मा ने बताया कि 22 सितंबर की दोपहर गायत्री खाना लेकर खेत नहीं पहुंची। देर शाम तक गायत्री का पता न लगने पर घर वालों ने तालाब आदि में डूबने की आशंका से खोजबीन की। रिश्तेदारों से भी संपर्क किया, मगर उसका कोई पता नहीं चल सका। धर्मा ने बताया कि शुक्रवार की सुबह छुपाकर रखा गया टिफिन बाक्स घर में ही मिलने पर किरन से कड़ाई से पूछने पर उसने सच-सच उगल दिया। दोनों ने गड्ढा खोदकर गायत्री का शव बाहर निकाला, जिसके हाथ-पांव बंधे मिले। सीओ योगेंद्र कुमार और प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। भाई धर्मा की तहरीर पर किरन देवी पर हत्या करके शव को ठिकाने लगाने का मुकदमा पंजीकृत किया गया। सीओ ने बताया कि आरोपिता के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत हो गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अन्य सभी पहलुओं पर जांच की जाएगी। इनसेट : बुधवार की दोपहर को हुआ था विवाद
पड़ोसियों के अनुसार किरन और गायत्री में गत बुधवार की दोपहर कहासुनी हुई थी, जिसकी आवाजें बाहर सुनाई पड़ रही थीं। दोपहर बाद गायत्री का कुछ पता नहीं चला। चर्चा है कि सिल के बट्टे से किरन ने ताबड़तोड़ वार किया फिर गला दबाकर उसकी निर्मम हत्या कर दी। इसके बाद शव को बोरे में भरकर अंधेरे कमरे में दफना दिया। दोनों के मध्य विवाद की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
इनसेट :
चार माह से मायके में रह रही है किरन
करीब डेढ़ वर्ष पहले विवाह हो चुका था। पति-पत्नी में आए दिन विवाद होने के चलते गत चार माह से मायके में रह रही थी। ग्रामीणों ने बताया कि किरन गुरुवार को पड़ोसी के घर में पकड़ी गई थी। सूचना पर 100 नंबर पुलिस उसे कोतवाली लाई थी। फिर जमानत पर उसे रिहा किया गया था।