'भाजपा सरकार की गलत नीतियों से कंगाली की कगार पर पहुंचा प्रदेश'
पदाधिकारियों को मनोनयन पत्र सौंपने के लिए आयोजित कार्यक्रम में बोले पूर्व मंत्री फरीद महफूज किदवई
बाराबंकी : भाजपा सरकार की गलत नीतियों के चलते देश और प्रदेश कंगाल होने की कगार पर है। अच्छे दिनों के नारे के साथ आने वाली भाजपा सरकार ने जनता को भुखमरी, बेरोजगारी के मुहाने पर लाकर खड़ा कर दिया है।
यह बातें पूर्व मंत्री फरीद महफूज किदवई ने लखपेड़ाबाग स्थित लोहिया भवन में पदाधिकारियों को मनोनयनपत्र सौंपते हुए कहीं। उन्होंने समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं से भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेंकने के लिए आगे आने का आह्वान किया। सपा जिला उपाध्यक्ष मो. सबाह को कुर्सी विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी। सपा जिला सचिव श्याम प्रकाश त्रिवेदी को कुर्सी विधानसभा क्षेत्र का सह प्रभारी, रमेश यादव, जमील अंसारी को सपा जिला सचिव, नसीम गुड्डू को सपा नगर अध्यक्ष फतेहपुर, सुनील सोनी को नगर अध्यक्ष बेलहरा का मनोनयनपत्र प्रदान किया। सपा जिलाध्यक्ष हाफिज अयाज अहमद, प्रीतम वर्मा, मौलाना असलम, संतोष वर्मा, रेहान कामिल, मो. अयाज, दानिश सिद्दीकी, शाफे जुबेरी, ज्ञान प्रकाश मिश्रा मौजूद रहे।
मेधावियों की हर संभव मदद करेगी सपा
बाराबंकी : मेधावियों के प्रोत्साहन और उनकी पढ़ाई में समाजवादी पार्टी हर संभव मदद करेगी। सरकार में न होने के बावजूद पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की ओर से मेधावियों को लैपटाप भेजवाकर उन्हें सम्मानित किया जा रहा है। यह बातें एमएलसी राजेश यादव ने प्रयागराज बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा में प्रदेश में 14वां और जिले में पहला स्थान हासिल करने वाली गोड़इचा की नीलिमा वर्मा को सोमवार को घर पहुंचकर लैपटॉप देने के बाद कहीं। जिलाध्यक्ष हाफिज अयाज अहमद, मोहित तिवारी, मो. अशफाक, डॉ. जर्नादन गुप्ता, लवकुश यादव, अर्जुन यादव, राशिद अंसारी मौजूद रहे।