सावन के पहले सोमवार को बम-बम भोले से गूंजे शिवालय
लोधेश्वर महादेवा के कपाट बंद रहे जिससे श्रद्धालुओं ने बाहर से ही दर्शन किया।
बाराबंकी : सावन मास के पहले सोमवार को भगवान शिव की जय जयकार से शिवालय गूंज उठे। जिले भर के शिवालयों में सावन के पहले सोमवार पर भोर से ही श्रद्धालु पहुंचे शारीरिक दूरी का ध्यान रखते हुए कतार बंद होकर पूजा अर्चना कर दर्शन किया। घरों में भी भगवान शिव की स्तुति की गई। शहर के कैलाश आश्रम, नागेश्वरनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना हुई। महादेवा मंदिर के कपाट बंद रखे गए। श्रद्धालुओं को केसरीपुर रामनगर गेट पर ही पुलिस प्रशासन ने रोक लिया। सूरतगंज लोधौरा चौराहे पर भी पुलिस ने श्रद्धालुओं का आवागमन रोका। कोरोना वायरस संक्रमण के चलते श्रद्धालुओं को रोका गया है। मंदिर के अंदर पुजारी की ओर से पूजा अर्चना की गई।
शहर के नागेश्वर नाथ मंदिर, कैलाश आश्रम मंदिर, कंकड़ेश्वर मंदिर, लखपेड़ाबाग स्थित शिव मंदिर, दूधेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालु शारीरिक दूरी का ध्यान में रखते हुए पूजा अर्चना किया। नागेश्वरनाथ मंदिर को भव्यता के साथ सजाया गया था। कैलाश आश्रम मंदिर में श्रद्धालुओं को बाहर सैनिटाइज कराने के बाद मंदिर में प्रवेश दिया जा रहा था। बंकी ब्लॉक अंतर्गत खसपरिया गढ़ी में विराजमान महाभारत कालीन मत्थेश्वर महादेव मंदिर में श्रावणमास के प्रथम सोमवार को शारीरिक दूरी को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना किया।
बंद रहा महादेवा का कपाट: गणेशपुर: सावन के पहले सोमवार को लोधेश्वर महादेवा मंदिर के कपाट बंद होने से भगवान भूत भावन भोलेनाथ की शिवलिग के जलाभिषेक दर्शन पूजन अर्चन नहीं कर पाए। महादेवा मंदिर मठ के रिसीवर ने बताया कि पूर्व की तरह पुजारी ने मंदिर में प्रात: और सायंकाल पूजा अर्चना कर रहे हैं। कोरोना वायरस संक्रमण काल के चलते 31 जुलाई तक मंदिर के कपाट को बंद रखा गया है। लोधेश्वर महादेवा मंदिर में दूरदराज से आने वाले श्रद्धालुओं को रामनगर के केसरीपुर गेट पर पुलिस ने रोका। लोधौरा चौराहे पर सीतापुर, महमूदाबाद, फतेहपुर से आने वाले हैं श्रद्धालु व गणेशपुर से भी जाने वाले महादेवा मार्ग पर चार पहिया व दोपहिया वाहन चालकों को रोका गया। हैदरगढ़ : अवसानेश्वर महादेव मंदिर का कपाट बंद होने के कारण सावन के प्रथम सोमवार को सुबह से हो रही बारिश के बीच शिव भक्तों ने शारीरिक दूरी बनाकर अपनी बारी का इंतजार करने के बाद भोलेनाथ का दर्शन किया। रामेश्वरम शिवाला, गोपेश्वर, किलेश्वर महादेव शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर पूजा अर्चना किया।