मामूली विवाद में चली लाठियां, सात घायल
मामूली विवाद में चली लाठियां सात घायल
बाराबंकी : मामूली विवाद में दो पक्षों के बीच चली लाठी-डंडे से सात लोग घायल हो गए। दोनों पक्ष से एक-एक घायल हो गंभीर हालत में सीएचसी हैदरगढ़ से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने दोंनों पक्षों पर मुकदमा दर्ज किया है। अन्य घायलों का सीएचसी में उपचार चल रहा है।
सुबेहा थाना क्षेत्र के ग्राम भभूत गढ़ी जारमऊ निवासी रामसागर यादव रविवार दोपहर खेत में दवा का छिड़काव कर रहे थे। छिड़काव के दौरान पड़ोस में स्थित संजय यादव के खेत में कुछ दवा चली गई। जिसको लेकर दोनों में विवाद होने लगा और कुछ ही देर में दोनों पक्ष से परिवारजन लाठी-डंड़ा लेकर एकत्र हो गए। विवाद बढ़ा और दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। जिसमें दोनों तरफ के आधा दर्जन लोग घायल हुए।
घायलों में संजय कुमार यादव (25), सावित्री देवी (40) और दूसरे पक्ष के राम सागर (38), माताफेर (63), राम सुमिरन (62) पुत्रगण पलई व चचेरा भाई माता प्रसाद (65 ) और कर्मावती (40) पत्नी संतराम घायल हुए हैं। घायलों में संजय व राम सागर को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि घायलों को सीएचसी हैदरगढ़ भेजा गया है और दोनों पक्षों पर मुकदमा दर्ज किया है।