चीन का विरोध जारी, फूंके गए पुतले
बाराबंकी चीन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन रविवार को भी जारी रहा। इस दौरान शहीद भारतीय सैनिक
बाराबंकी: चीन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन रविवार को भी जारी रहा। इस दौरान शहीद भारतीय सैनिकों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई।
लोकदल कार्यकर्ताओं ने छाया चौराहे पर पुतला फूंका। संगठन के जिलाध्यक्ष पवन कुमार ओझा ने कहा कि हम सबको चीन की निर्मित वस्तुओं का बहिष्कार करना चाहिए। विपक्षी राजनीति को त्याग कर अपने भारतीय सैनिकों का मनोबल बढ़ाना चाहिए। मोहम्मदपुर चौराहे पर लोकदल के दरियाबाद के विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष रामसिंह रावत के नेतृत्व में चीन के राष्ट्रपति का पुतला फूंका गया। सुबेहा कस्बे में भाजपा मंडल महामंत्री विवेक मिश्रा व नगर अध्यक्ष महेंद्र मौर्य, महराजदीन पांडेय के नेतृत्व में चीन विरोधी नारेबाजी कर भाजपाइयों ने बस स्टाप चौराहे पर चीन के राष्ट्रपति का पुतला फूंका। अभिषेक मिश्रा, मंडल संयोजक हरिकृष्ण शुक्ला, मो. आकिब, देवी प्रसाद रावत आदि मौजूद रहे। उधर, आजाद भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने ग्वारी चौराहे पर चीन के राष्ट्रपति का पुतला फूंक और देश के शहीदों को श्रद्धांजलि दी। गजराज, लालजी यादव, कामता प्रसाद यादव, सुनील कुमार मौजूद रहे।