माता के जयकारों से गूंजे देवी मंदिर
शारदीय नवरात्र के तीसरे दिन मंगलवार को भक्तों ने मां के तृतीय स्वरूप चंद्रघंटा की विधि विधान से पूजा अर्चना की।
बाराबंकी : शारदीय नवरात्र के तीसरे दिन मंगलवार को भक्तों ने मां के तृतीय स्वरूप चंद्रघंटा की विधि-विधान से पूजा अर्चना की। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र के दुर्गा मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ा। मंदिर माता के जयकारों से गूंज उठे।
शहर के बड़ी देवी मंदिर, छोटी देवी, मंदिर, गायत्री शक्ति पीठ मंदिर, लखपेड़ाबाग स्थित दुर्गा मंदिर, सैलानी माता मंदिर, ज्वाला मुखी देवी मंदिर सहित कई दुर्गा मंदिरों में कतारबद्ध होकर श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए। श्री नील कंठेश्वर मंदिर में पं. योगेन्द्र मिश्र ने विधि-विधान से पूजन किया। बेलहरा के पीपल वाले शिव मंदिर में देवी जागरण का आयोजन किया गया। लखनऊ के कलाकारों ने एक से बढ़कर भजनों की प्रस्तुति कर समां बांधा।
निदूरा : ग्राम खरिहानी स्थिति मां दुर्गा मंदिर परिसर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के तीसरे दिन कथा व्यास ने आत्म कल्याण की बात श्रोताओं को बताई। सूरतगंज क्षेत्र के बेल चौराहे स्थित हनुमान मंदिर प्रांगण में चार अक्टूबर को 15 वां विशाल मां भगवती का जागरण का किया जाएगा। चंदूरा के दुर्गा पंडाल में चल रही रामलीला व रासलीला के दूसरे दिन कृष्ण जन्म हुआ। भगवान की आकर्षक झांकी भी सजाई गई।
दरियाबाद : दरियाबाद के शीतला माता मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। 151 कलश के साथ निकली यात्रा वापस मंदिर पर सम्पन्न हुई। कलश यात्रा में पूर्व बेसिक शिक्षा मंत्री अनुपमा जायसवाल शामिल हुईं।