भाजपा नेता सहित छह पर दहेज के लिए पत्नी की हत्या कराने का आरोप, केस दर्ज
बाराबंकी के थाना मोहम्मपुर खाला निवासी राहुल सिंह बाराबंकी से कल देर रात वापस कार से लौट रहे थे तभी कोतवाली फतेहपुर के बेलहरा पुल के पास कुछ लोगों ने उनको कार से उतारकर पीटा।
बाराबंकी, जेएनएन। डायल-100 सहित पुलिस की अन्य गश्त के सभी दावों की पोल खुल गई है। बाराबंकी में भारतीय जनता युवा मोर्चा के नेता राहुल सिंह को पत्नी स्नेहलता सिंह की हत्या के मामले में हिरासत में लिया गया है। राहुल सिंह ने बताया कि कल देर रात पत्नी के साथ कार से बाराबंकी शहर से गांव लौट रहा था। इसी बीच कुछ बदमाशों ने हमला बोल दिया। जिसमें राहुल को घायल करने के बाद पत्नी को गोली मार दी। गोली लगने से स्नेहलता की मौत हो गई। बहराइच निवासी मृतका स्नेहलता सिंह के पिता ने दामाद सहित छह लोगों पर हत्या व दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। हत्यारोपित भाजपा नेता राहुल सिंह को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
बाराबंकी के फतेहपुर निवासी भाजपा नेता राहुल सिंह पर आरोप है कि उसने अपनी पत्नी के सीने में दो गोली दागकर मौत के घाट उतार दिया। दोनों का मात्र पांच माह पूर्व विवाह हुआ था। बहराइच निवासी मृतका के पिता ने दामाद सहित छह लोगों पर हत्या व दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। हत्यारोपित को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के ग्राम दौलतपुर निवासी रवींद्र प्रताप सिंह का पुत्री राहुल सिंह भाजपा युवा मोर्चा में जिला मंत्री है। 27 जनवरी 2019 को उसका विवाह बहराइच के कैसरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम कड़सर बिटौरा निवासी राम कुमार सिंह की पुत्री स्नेहलता सिंह से हुआ था। राहुल कोतवाली नगर क्षेत्र के मयूर विहार में किराए के मकान में पत्नी के साथ रह रहा था। स्नेहलता सिंह मेयो मेडिकल कॉलेज में शिक्षिका थीं। छह जुलाई की रात राहुल पत्नी के साथ अपने मूल निवास के लिए कार से निकला था। इसके बाद फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के सूरतगंज मार्ग पर हत्या कर दी गई।
राहुल सिंह रात करीब दो बजे राहुल सीओ फतेहपुर अरविंद कुमार वर्मा के घर पहुंचा और बताया कि अज्ञात बदमाशों ने लूटपाट कर उसकी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी है, जबकि हमले में वह बेहोश हो गया था। मौके पर पहुंचे एएसपी आरएस गौतम, सीओ फतेहपुर स्थानीय पुलिस के साथ पहुंचे। इन सभी ने घटना स्थल का जायजा लिया। सूचना पर पहुंचे मृतका के पिता ने अपने दामाद पर दहेज के लिए प्रताडि़त करने और हत्या करने का आरोप लगाया। एसपी आकाश तोमर ने बताया कि पिता की तहरीर पर मृतका के पति राहुल, ससुर रवींद्र प्रताप सिंह, सास विभा सिंह, देवर रोहित, चाचा अमरेंद्र व जितेंद्र उर्फ गुड्डू को नामजद किया गया है। एसपी ने यह तो बताया कि राहुल राजनीति करता है, लेकिन भाजपा के होने की जानकारी से इंकार किया है।
कार पर दर्ज है पद
जिस कार से जाते समय हत्या हुई। राहुल की उस कार में जिला मंत्री भाजपा लिखा हुआ है। बाराबंकी के पुलिस अधिकारी बारे में कुछ बोलने से कतरा रहे हैं, क्योंकि तहरीर में भाजपा नेता का उल्लेख नहीं है।