विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कन्नौज में 50 लाख की मेफेड्रोन के साथ हरदोई के चार तस्कर गिरफ्तार, एएनटीएफ ने पकड़ा

Published: Wed, 16 Sep 2026 02:13 PM (IST)

एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की टीम ने कन्नौज में मेफेड्रोन तस्करी में लिप्त हरदोई के चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

HighLights

  1. कन्नौज में चार मेफेड्रोन तस्करों को एएनटीएफ ने दबोचा।

  2. आरोपियों से 442 ग्राम मेफेड्रोन, कीमत 50 लाख रुपये बरामद।

  3. सभी आरोपी हरदोई जिले के निवासी, एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज।

जागरण संवाददाता, बाराबंकी। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की टीम ने कन्नौज जिले में घातक मादक पदार्थ मेफेड्रोन (एमडी) की तस्करी में लिप्त चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

पकड़े गए सभी आरोपित हरदोई जिले के हैं। जिनके कब्जे से 442 ग्राम मेफेड्रोन बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है। आरोपितों के कब्जे से टीम ने दो आई-फोन सहित चार मोबाइल और नकदी भी बरामद किया है।

बाराबंकी की एएनटीएफ टीम ने 14 सितंबर को कन्नौज कोतवाली में आशा होटल के सामने पुरानी जीटी रोड पर चारों को गिरफ्तार किया है। जिनमें हरदोई के बिलग्राम बेहटा बुजुर्ग निवासी विशाल यादव, सोनू यादव और सौरभ यादव सहित माधौगंज के सैलापुर निवासी गौरव पटेल शामिल है।

पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वह मिलकर मादक पदार्थ मेफेड्रोन की तस्करी करते हैं। गौरव पटेल कन्नौज निवासी एक सप्लायर से सस्ते दाम में मेफेड्रोन खरीदकर लाया था।

अन्य तीन सहयोगियों के साथ वह कन्नौज में होटल के बाहर सड़क किनारे इसकी खरीद-फरोख्त कर रहा था। इसी दौरान टीम ने उसे धर दबोचा। टीम ने आरोपितों के खिलाफ कोतवाली कन्नौज में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। पूछताछ में मिले तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की कड़ियां भी खंगाली जा रही हैं, अन्य सहयोगियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में एएनटीएफ के उपनिरीक्षक पुरुषोत्तम विश्वकर्मा, मनीष कुमार दुबे सहित सिपाही आलोक सिंह, सुनील राय, वेदप्रकाश दुबे, कृष्ण कुमार यादव और गौरव तिवारी सहित कन्नौज की पुलिस भी शामिल रही।