सड़क हादसे में पति की मौत, पत्नी गंभीर
रक्षाबंधन पर भाई के घर गई थी महिला
बाराबंकी : बाइक सवार दंपत्ति को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर दंपत्ति को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पति की मौत हो गई। वहीं पत्नी की गंभीर हालात में उपचार चल रहा है। महिला रक्षाबंधन के मौके पर तीन दिन पूर्व मायके आई थी और गुरुवार को वापस जा रही थी, तभी यह हादसा हुआ।
मसौली थाना क्षेत्र के ग्राम बिरौली निवासी रामू पुत्र नन्हे लाल तीन अगस्त को रक्षाबंधन के मौके पर अपनी पत्नी फूलमती को लेकर थाना टिकैतनगर के अरुआ गांव स्थित ससुराल आए थे। गुरुवार की सुबह छह बजे रामू बाइक से पत्नी को लेकर वापस जा रहे थे। वह सिरौलीगौसपुर-बदोसराय मार्ग पर पहुंचे थे तभी उनकी बाइक में अज्ञात वाहन ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीर व स्थानीय लोगों ने घायलों को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने रामू को मृत घोषित कर दिया वहीं महिला को गंभीर अवस्था में ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।अस्पताली की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजा है।