विपणन केंद्रों पर दूसरे पसरा सन्नाटा, आढ़तों पर रौनक
क्षेत्र के क्रय केंद्रों पर धान खरीद तेजी नहीं पकड़ पा रही।
बाराबंकी : क्षेत्र के क्रय केंद्रों पर धान खरीद तेजी नहीं पकड़ पा रही। वहीं आढ़तियों के बाड़ों पर रौनक है।
मथुरानगर में विपणन व टाउन के मिरदही में पीसीएफ व मेहरौरा में एक खरीद केंद्र खोला गया है। इनमें से विपणन केंद्र पर शुक्रवार को महज एक किसान से 38 कुंतल 80 किलो धान खरीद हुई। बोहनी के बाद तौल शुरू करने की बात कही गई। लेकिन दूसरे दिन ही केंद्र पर सन्नाटा पसरा नजर आया। यहां पर एक भी किसान का धान नजर नहीं आया। सन्नाटा पसरा होने का कारण किसान के केंद्र पर धान लेकर न आने को बताया गया है। केंद्र पर खरीद की व्यवस्था देखने वाले बल्लू ने बताया कि आज खरीद नहीं हुई है। मुरारपुर के दो किसान केंद्र पर तौल सम्बंधी जानकारी लेने आये थे, जिन्हें दफ्तर भेजा गया है। एसएमआई सुरेंद्र चौधरी ने बताया कि शुक्रवार को बोहनी हुई है। आढ़तों पर बढ़ रही रौनक : दरियाबाद क्षेत्र के टाउन, अलियाबाद, सैदखानपुर आदि जगहों पर खुली आढ़तों पर किसान जरूरत के मुताबिक धान बेंचने पहुंच रहा है। किसान सत्यनरायण ने बताया कि रुपए की जरूरत थी। उसने एक व्यापारी के हाथ धान बेंचा है।