आचार्य बोले झूठे लोग चला रहे सरकार
आचार्य बोले झूठे लोग चला रहे सरकार
बाराबंकी: आचार्य प्रमोद कृष्णम ने शनिवार को कस्बा जैदपुर के वसीनगर में कांग्रेस प्रत्याशी तनुज पुनिया के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि झूठे लोग सरकार चला रहे हैं। पी.चिदंबरम व राबर्ट बाड्रा के यहां सीबीआई के छापे पड़ रहे हैं जबकि पूर्व मुख्यमंत्री बसपा अध्यक्ष मायावती व सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को भूल गए हैं। उन्होंने कहा कि अगर कोई कांग्रेसी है तो सच्चा देश भक्त जरूर है। राष्ट्वाद व देश भक्त होने का दावा करने वाले देश का बंटाधार करने में लगे हैं। हर कोई परेशान है।
राज्यसभा सदस्य डॉ. पीएल पुनिया ने कहा कि देश को भ्रष्टाचार से मुक्त करने का दावा कर सत्ता हासिल करने वालों ने हर क्षेत्र में भ्रष्टाचार बढ़ा दिया है। कांग्रेस के अलावा अन्य दलों के लोग भी खामोश हो गए हैं। उप चुनाव में तनुज की जीत से भाजपा के कुशासन को समाप्त करने में मील का पत्थर साबित होगी।
पूर्व मंत्री आरके चौधरी ने कहा कि उप चुनाव ने जैदपुर की जनता के सामने पढ़ा-लिखा विधायक चुनने का अवसर दिया है। विधान सभा चुनाव 2017 हारने के बाद भी निरंतर सबके दुखसुख में शामिल हैं। पूर्व विधायक छोटेलाल यादव, पूर्व विधायक सरवर अली ने भी जनसभा को संबोधित किया।