फंदे से लटकता मिला विवाहिता का शव, हत्या का आरोप
फंदे से लटकता मिला विवाहिता का शव हत्या का आरोप
बाराबंकी : एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। विवाहिता का शव कमरे में फंदे से लटका पाया गया। परिवारजन ने दहेज के लिए प्रताड़ित करने व हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि, इस मामले में पुलिस को अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजा है।
फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिहाली निवासी संदन रावत का विवाह करीब सात वर्ष पूर्व रामनगर थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर खरगी निवासी रामसरन की पुत्री अनीता देवी से हुआ था। आरोप है कि दहेज की मांग को लेकर आए दिन विवाहिता को प्रताड़ित किया जाता था और पति पत्नी के बीच विवाद भी होता था। बुधवार सुबह भी पति-पत्नी के बीच तकरार हुई थी। इसके बाद अनीता अपने कमरे में गई और दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिवारजन ने अंदर देखा तो उसका शव फंदे से लटक रहा था। उसे लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पर पुलिस व मायके पक्ष के लोग भी आ गए। परिवारजन दहेज के लिए हत्या का आरोप लगा रहे हैं। मृतका के तीन बच्चे हैं। इनमें बादल (5), नितिन (3) और डेढ़ वर्षीय निर्मल शामिल हैं। प्रभारी निरीक्षक फतेहपुर पीके झा ने बताया कि शव को पीएम के लिए भेजा गया है। फिलहाल अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर व पीएम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।