कोर्ट के आदेश पर सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा
- एक अन्य मामले में पुलिस बनी अनजान संवादसूत्र, बाराबंकी : पहले पीड़िता की अनसुनी करने वाली
- एक अन्य मामले में पुलिस बनी अनजान
संवादसूत्र, बाराबंकी : पहले पीड़िता की अनसुनी करने वाली सुबेहा पुलिस ने आखिरकार न्यायालय के आदेश पर सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया। वहीं मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में एक और दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। फिलहाल अभी स्थानीय पुलिस इस घटना की जानकारी से ही इन्कार कर रही है। जबकि पीड़िता ने थाने में तहरीर दी है।
सुबेहा : थाना क्षेत्र के ग्राम भटगवां निवासी व विरेंद्र पाठक की पत्नी सपना को 16 जनवरी 2018 को दिनेश पाठक समेत पांच लोग एक बोलेरो कार से ले गए और नशीला पदार्थ खिला दिया था। दिनेश सहित सभी पांच लोग हैदरगढ़ कोतवाली के ब्रह्रनान वार्ड निवासी है। उसके बेहोश होने के बाद पांचों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। यही नहीं उसके शरीर पर जो भी जेवरात थे वह भी ले लिए। स्थानीय पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो पीड़िता ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था। अदालत ने इस मामले में सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया था। जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। प्रभारी निरीक्षक जीतेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर अभियोग पंजीकृत किया गया। विवेचना शुरू कर दी गई है।
सूरतगंज : मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र निवासी एक विधवा ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि शुक्रवार रात को वह घर पर अकेली थी। तभी गांव के ही शिव कुमार घर में घुस आया और जबरन उसके साथ दुष्कर्म किया। शोर सुनकर पास पड़ोस के लोग वहां पहुंचे तो आरोपित मौके से भाग गया। वारदात के बाद शनिवार को थाने पहुंची और पुलिस को आरोपित के खिलाफ तहरीर दी है। हालांकि प्रभारी निरीक्षक जनमेजय सचान ने बताया कि ऐसा कोई मामला उनके संज्ञान में नहीं है। अगर प्रकरण सामने आता है तो अवश्य ही कार्रवाई की जाएगी।