कोरोना संक्रमित के चार और मरीज मिले, संख्या पहुंची 31
जिले में कोरोना संक्रमितों की चेन टूटने का नाम नहीं ले रही। मंगलवार को आई रिपोर्ट में चार और पॉजिटिव मिलने से प्रशासन की नींद उड़ गई है। मौके का जायजा लेकर अधिकारियों ने हॉट स्पॉट घोषित कर इलाकों को सील कर दिया है।
बाराबंकी: एक जून की रात को आई रिपोर्ट में चार व्यक्ति पॉजिटिव पाए गए हैं। चारों को एल वन हिद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिलाधिकारी डॉ. आदर्श सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में 31 सक्रिय केस हैं। संक्रमित पाए गए लोग दो लोग मुंबई और अहमदाबाद से कुछ दिन पूर्व आए थे। दो अन्य लोग पूर्व में पाए गए पॉजिटिव व्यक्ति के नजदीकी के संपर्क में आए थे।
मसौली के बांसा के दो व हैदरगढ़ के जीआइसी पोखरा के एक व सिद्धौर के वलीनगर का एक व्यक्ति संक्रमित मिलने के बाद वहां के क्षेत्र को हॉटस्पॉट में तब्दील कर दिया गया है। गांवों की सीमा को सील करने के साथ आवागमन भी पूर्णतया प्रतिबंधित कर दिया गया है। क्षेत्र का सैनिटाइजेशन कार्य कराया गया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की टीम क्षेत्र में मुस्तैद रही। डीएम डॉ. आदर्श सिंह व एसपी अरविद चतुर्वेदी ने हॉटस्पॉट क्षेत्र बांसा का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। साथ ही लोगों से शारीरिक दूरी का पालन करने और सैनिटाइजर का प्रयोग करने के निर्देश दिए।