दो जवान सहित चार मिले कोरोना पॉजिटिव
देर रात आई रिपोर्ट में चार मिले कोरोना संक्रमित 19 लोगों को किया होम क्वारंटाइन
बाराबंकी : पीएसी के जवान सहित दो अन्य लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। डीएम डॉ. आदर्श सिंह चार मरीजों के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि की है। 19 लोगों को होम क्वारंटाइन किया गया है। सभी को एलवन चंद्रा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीएसी परिसर में दो अन्य जवान भी कोरोना पॉजिटिव जांच में मिले है। यह पूर्व में संक्रमित आए लोगों के संपर्क में थे। सतरिख के हरख ब्लॉक के बरौली मलिक गांव में एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला है। यह हैदराबाद से बीती 27 जून को आया था। 30 जून को सैंपल लिया गया था। बुधवार की रात आई रिपोर्ट में व्यक्ति पॉजिटिव मिला है। डॉ. सुनील जायसवाल ने बताया कि सात लोगों को होम क्वारंटाइन किया गया है। जिसमें छह परिवार के सदस्य है व एक अन्य जो व्यक्ति को बाइक से लखनऊ से लाया था। सूरतगंज के थाना रामनगर के सुढियामऊ में एक युवक 28 जून को मुंबई से आया था। तीस जून को उसका सैंपल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सूरतगंज की टीम ने भेजा था। जिसमें उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। रिपोर्ट के बाद ही मौके पर पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंच गई। घर के क्षेत्र के आसपास हॉटस्पॉट कर दिया गया है और परिवार के 12 सदस्यों को क्वारंटाइन कर दिया गया है। युवक को कोविड-19 अस्पताल भेज दिया गया है। 75 हॉटस्पॉट क्षेत्रों की हो रही निगरानी : डीएम डॉ. आदर्श सिंह ने बताया कि वर्तमान समय में कुल 75 हॉटस्पॉट क्षेत्र हैं। जहां निगरानी की जा रही है। आवागमन प्रतिबंधित किया गया है। उन्होंने बताया कि पांच पॉजिटिव व्यक्ति गुरुवार को पूर्ण रूप से उपचारित हो गए हैं। उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है।