भानु गुट के मंडल अध्यक्ष सहित 524 पर मुकदमा
भानु गुट के मंडल अध्यक्ष सहित 524 पर मुकदमा
बाराबंकी : पांच दिन पहले भारतीय किसान यूनियन (भानु गुट) के उग्र प्रदर्शन के मामले में पुलिस ने यूनियन के 24 पदाधिकारी व सदस्य के खिलाफ नामजद व 500 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया है। मुकदमे में बलवा, सरकारी कार्य में बाधा, सरकारी कर्मचारी के साथ हाथापाई, धमकी व रोड जाम कर दहशत फैलाने संबंधित धाराएं लगाई गई हैं।
कोतवाली नगर के गन्ना संस्थान में 18 सितंबर को भाकियू (भानु गुट) विशाल पंचायत कर रहा था। यहां चौकी इंचार्ज रवींद्र सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी तैनात थे। पंचायत में करीब पांच सौ लोग लाठी डंडे से लैस थे। इनमें भाकियू के पदाधिकारी व कार्यकर्ता सदस्य आदि मौजूद थे। पंचायत में भड़काऊ भाषणबाजी के दौरान सभी प्रशासन व पुलिस के खिलाफ अभद्र टिप्पणी व नारेबाजी करते हुए लखनऊ रोड की ओर बढ़ने लगे। सूचना पर नगर कोतवाल भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। गायत्री मंदिर के आगे कार्यकर्ताओं ने हाईवे जाम कर दिया। इससे यातायात बाधित होने से एंबुलेंस व स्कूली बच्चे भी फंसे रहे। भाकियू कार्यकर्ताओं पर पुलिस से हाथापाई भी करने का आरोप है। नगर कोतवाल धर्मेंद्र सिंह रघुवंशी ने बताया कि प्रकरण में रविवार रात मुकदमा दर्ज किया है। फोटो व वीडियो के आधार पर अन्य लोगों को चिह्नित किया जा रहा है।
नामजद आरोपित
मुकदमे में मंडल अध्यक्ष उपेंद्र सिंह पटेल उर्फ आशू चौधरी, जिलाध्यक्ष सुजीत कुमार, मंडल अध्यक्ष कपिल वर्मा सहित विवेक मिश्रा, दिनेश वर्मा, मो. इरशाद, मो. आमिर, आलोक वर्मा, शैलेंद्र सिंह, धर्मेंद्र विश्वकर्मा, उपेंद्र सिंह, रवि वर्मा, राहुल वर्मा, रोहित, राहुल सिंह, अश्वनी कुमार, आयुष पटेल, अभिषेक वर्मा, अवि वर्मा, अपुल वर्मा, धर्मेंद्र यादव, अभिषेक उर्फ सर्वेश, मोनू रावत और बृजेश रावत आदि नामजद हैं।