त्योहारों पर यात्रियों को राहत: छपरा से आनंद विहार के लिए चलेगी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन, चेक टाइम टेबल
रेलवे ने त्योहारों पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए छपरा से आनंद विहार टर्मिनल के बीच साप्ताहिक पर्व विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।

HighLights
छपरा से आनंद विहार के लिए साप्ताहिक विशेष ट्रेन शुरू।
त्योहारों पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए निर्णय।
बाराबंकी स्टेशन पर भी रुकेगी यह पर्व विशेष ट्रेन।
जागरण संवाददाता, बाराबंकी। पर्वों पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने छपरा से आनंद विहार टर्मिनल के बीच साप्ताहिक पर्व विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन वाया गोरखपुर होकर चलेगी और आठ फेरों के लिए संचालित होगी।
पूर्वोत्तर रेलवे के अनुसार यह ट्रेन बाराबंकी मुख्यालय के स्टेशन पर सुबह आठ बजकर 38 मिनट पर आएगी और आठ बजकर 40 मिनट पर रवाना होगी। गाड़ी संख्या 05085 छपरा-आनंद विहार टर्मिनल साप्ताहिक विशेष ट्रेन छह अक्टूबर से 24 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार को छपरा से दोपहर एक बजकर पांच मिनट पर रवाना होगी।
मशरख, थावे, पड़रौना, कप्तानगंज होते हुए यह ट्रेन शाम सात बजकर 20 मिनट पर गोरखपुर पहुंचेगी और खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा होते हुए अगले दिन सुबह 9:40 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 05086 आनंद विहार-छपरा साप्ताहिक विशेष सात अक्टूबर से 25 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को आनंद विहार से सुबह 10 बजकर 50 मिनट पर छूटेगी। यह गाड़ी दूसरे दिन रात 12 बजकर 35 बजे गोरखपुर आएगी और सुबह 7 बजे छपरा पहुंचेगी।
इस विशेष गाड़ी में कुल 22 कोच लगाए जाएंगे, जिसमें जनरेटर सह लगेज यान का एक, सामान्य द्वितीय श्रेणी के चार, शयनयान के पांच, एसी थ्री इकोनसमी के दो, एसी थ्री के छह, एसी टू के दो और एसी फर्स्ट सह एसी टू का एक कोच शामिल होगा। स्टेशन अधीक्षक एके रायजादा ने बताया कि निश्चित तौर पर जिले के यात्रियों की यात्रा पर्व पर सुगम होगी।
