गो तस्करी की सूचना पर देर रात तक हलकान रही पुलिस
बेसहारा पशु अनुमति पर गोआश्रय स्थल ले जाए जा रहे थे लेकिन थाने को सूचना नहीं थी।
बाराबंकी : बीडीओ की अनुमति के बाद बेसहारा पशुओं को एकत्र कर गो आश्रय ले जाते समय किसी ने पुलिस को तस्करी की सूचना दे दी। देर रात तक चली जांच के बाद मामला बेसहारा पशुओं को गोआश्रय स्थल ले जाने की बात की पुष्टि हुई, जिसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।
दरियाबाद थाने के पतुलकी गांव में सोमवार रात करीब नौ बजे गांव के बरातीलाल वाहन पर बेसहारा पशुओं को लाद रहे थे। इसी बीच किसी ने दरियाबाद थाने को गोवंशीय पशुओं की तस्करी किए जाने सूचना दी। कोतवाल सुमित श्रीवास्तव पुलिस बल सहित पहुंचे। प्रथम ²ष्टया मामला तस्करी का लगा तो पशुओं को छोड़वा दिया गया। बरातीलाल ने पुलिस को बताया कि सिरौलीगौसपुर के बीडीओ ने दरियाबाद बीडीओ से वार्ता के बाद बिरौली गोआश्रय स्थल ले जाने की अनुमति दी है। वहीं पर पशुओं को ले जाया जा रहा है, लेकिन थाने को सूचित नहीं किया गया था। सीओ पहुंचे तो रामसनेहीघाट व टिकैतनगर पुलिस भी बुला ली गई। फिर बीडीओ दरियाबाद सर्वेश तिवारी ने पुलिस से वार्ता की। देर रात करीब डेढ़ बजे मामला स्पष्ट व शांत हुआ तो पुलिस ने राहत की सांस ली। बीडीओ सर्वेश तिवारी ने बताया कि पशुओं को ले जाने की अनुमति दी गई थी। प्रभारी निरीक्षक सुमित श्रीवास्तव में बताया कि गोवंशीय पशुओं की तस्करी की सूचना मिली थी।