प्यारा सजा है तेरा दरबार भवानी
शारदीय नवरात्र पर दुर्गा मंदिरों में शारीरिक दूरी बनाते हुए जहां श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। वहीं मंदिरों में देवी गीतों की धूम मची हुई है। शुक्रवार को श्रद्धालुओं ने मां कालरात्रि के स्वरूप की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
बाराबंकी : शारदीय नवरात्र पर दुर्गा मंदिरों में शारीरिक दूरी बनाते हुए जहां श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। वहीं मंदिरों में देवी गीतों की धूम मची हुई है। शुक्रवार को श्रद्धालुओं ने मां कालरात्रि के स्वरूप की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
शहर के बड़ी देवी मंदिर, रौतन गढ़ी स्थित छोटी देवी मंदिर, गायत्री मंदिर, लखपेड़ाबाग स्थित दुर्गा मंदिर, भुईहांरे बाबा स्थित दुर्गा मंदिर, दूधेश्वर महादेव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं ने पहुंचकर कतारबद्ध होकर पूजन किया। माता के जयकारों से मंदिर गुंजायमान रहे। घरों में भी भक्तों ने विधि विधान से पूजन अर्चन किया। कन्याओं को भोज कराया गया। मंदिरों में देवी गीत गाए। प्यारा सजा है दरबार भवानी, मां शेरावाली तेरा बेटा आ गया। हे दुर्गे खप्पर वाली तेरे ही गुण गाएं भारती, ओ मैया हम सब उतारे तेरी आरती आदि देवी गीत गाए। श्री दुर्गा पूजा समिति सोमैया नगर देवा रोड पर सजे मां के पंडाल में नित्य भक्तगण उत्साह के साथ शारीरिक दूरी का पालन करते हुए दर्शन कर रहे हैं। समिति अध्यक्ष मनोज विद्रोही ने बताया कि समिति की ओर से इस वर्ष 12 वां नवरात्र महोत्सव छोटे स्तर पर आयोजित किया गया है। सफदरगंज क्षेत्र के ग्राम अंबौर में सिद्ध पीठ ज्वाला मुखी मंदिर में श्रद्धालु दर्शन करने पहुंच रहे हैं। कोटवा सड़क मैं पूजा अर्चना के साथ श्री नाथ मंदिर प्रांगण में दुर्गा मूर्ति की स्थापना की गई और कन्या भोज कर लोगो को प्रसाद वितरण किया गया।