जल्द ही फतेहपुर तक चलेंगी सिटी बसें
-व्यापार मंडल फतेहपुर और विधायक की मांग पर परिवहन विभाग ने दी हरी झंडी संवादसूत्र,
-व्यापार मंडल फतेहपुर और विधायक की मांग पर परिवहन विभाग ने दी हरी झंडी
संवादसूत्र, विशुनपुर (बाराबंकी) : बीते वर्ष परिवहन मंत्री स्वतंत्रदेव ¨सह की फतेहपुर तक सिटी बसें चलाने की घोषणा शीघ्र ही साकार होने वाली है। व्यापार मंडल की मांग पर सिटी बस कॉरपोरेशन ने लखनऊ से तहसील फतेहपुर तक सिटी बसें चलाने का आदेश जारी कर दिया है। जल्द ही सिटी बसें फतेहपुर रूट पर फर्राटा भरने लगेंगी।
फतेहपुर रुट के दैनिक यात्रियों की मांग पर परिवहन मंत्री स्वतंत्रदेव ¨सह ने बीते वर्ष 7 जून को वाया चिनहट, माती, देवा तक चलने वाली सिटी बसों का रुट फतेहपुर तक बढ़ाने की घोषणा की थी। एक वर्ष बाद भी मंत्री का वादा पूरा नहीं हो सका था। जागरण ने यात्रियों की इस समस्या का मुद्दा कई बार प्रमुखता से उठाया था। विधायक साकेंद्र वर्मा ने भी इस बाबत कई पत्र विभाग को लिखे थे। व्यापार मंडल फतेहपुर के पदाधिकारी भी इस मुहिम में पूरी शिद्दत से जुट गए। व्यापारियों का एक प्रतिनिधि मंडल तीन जून को देवा के कंजवारा में परिवहन मंत्री से मिला और उन्हें यात्रियों की समस्या से अवगत करा कर एक ज्ञापन सौंपा था। आइजीआरएस पर प्रेषित मांग पर सिटी बस कॉरपोरेशन के एमडी आरिफ सकलैन ने मंत्री के आदेश पर सिटी बसों का रूट फतेहपुर तक किए जाने की सूचना महामंत्री प्रांशु जैन को दी है। एमडी के जवाब से फतेहपुर, इसरौली और विशुनपुर के यात्रियों में हर्ष की लहर है।
विधायक साकेंद्र वर्मा ने कहा कि फतेहपुर तक सिटी बसों का संचालन शुरू होना बड़ी उपलब्धि है। परिवहन मंत्री के इस कदम से मार्ग के यात्रियों को काफी सहूलियत होगी। सिटी बस कारपोरेशन के एमडी से वार्ता कर जल्द ही लखनऊ से फतेहपुर तक सिटी बस सेवा का शुभारंभ कराया जाएगा।