केंद्रीय टीम ने वित्तपोषित योजनाओं का जाना हाल
ग्राम पंचायत पल्हरी में गुरुवार को दो सदस्यीय केंद्रीय टीम ने केंद्रीय वित्तपोषित योजनाओं के अभिलेखों का जायजा लेते हुए भौतिक सत्यापन किया तथा ग्राम पंचायत प्यारेपुर सरैंया में बने मनरेगा उद्यान एवं ग्राम पंचायत चिलौकी में लगे आरओ प्लांट का स्थलीय निरीक्षण किया।
बाराबंकी : ग्राम पंचायत पल्हरी में गुरुवार को दो सदस्यीय केंद्रीय टीम ने केंद्रीय वित्तपोषित योजनाओं के अभिलेखों का जायजा लेते हुए भौतिक सत्यापन किया तथा ग्राम पंचायत प्यारेपुर सरैंया में बने मनरेगा उद्यान एवं ग्राम पंचायत चिलौकी में लगे आरओ प्लांट का स्थलीय निरीक्षण किया। केन्द्र सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की हकीकत परखने आयी केंद्रीय टीम में शामिल आरएनपी सिंह एवं विकास कुमार ने सर्वप्रथम ग्राम पंचायत प्यारे के पंचायत घर में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों से संवाद किया और अभिलेख देखे। इसके अलावा पारिवारिक सहायता, विधवा, वृद्धवस्था, दिव्यांग पेंशन के बारे में जानकारी प्राप्त करते हुए लाभार्थियों से जानकारी ली और स्वच्छ भारत अभियान के तहत बने व्यक्तिगत एवं सामुदायिक शौचालय का निरीक्षण किया। केंद्रीय टीम ने ग्राम पंचायत प्यारेपुर सरैंया में मनरेगा योजना से बनवाए गए उद्यान का निरीक्षण करते हुए रोपित पौधों की जानकारी ली। इसके बाद ग्राम पंचायत चिलौकी में आरओ प्लांट का भी जायजा लिया। खंड विकास अधिकारी रामेंद्र कुशवाहा, पंचायत सचिव सतीश वर्मा, विकास पांडेय, मनीष शुक्ला, आशीष वर्मा, टीए अजय वर्मा, ग्राम प्रधान सोमनाथ राजपूत मौजूद रहे।