बाराबंकी में कार में मिला लखनऊ के व्यापारी का शव, संदिग्ध मौत पर पुलिस गंभीर
Barabanki Crime: चालक की तरफ का दरवाजा लाक न होने और बाकी तीन दरवाजों के लाक मिलने को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है।
HighLights
नहर की पटरी पर सूनसान जगह खड़ी थी कार, चालक की सीट पर पड़ा था शव
कार की जांच में तीन दरवाजे अंदर से लाक मिले, चालक सीट वाला दरवाजा था खुला
कैंसर पीड़ित थे व्यापारी, रुपये को लेकर था विवाद
संवाद सूत्र, बाराबंकी। त्रिवेदीगंज के लोनीकटरा क्षेत्र में रविवार सुबह विशुनपुर गांव के पास नहर की पटरी पर सूनसान स्थान में खड़ी एक कार में युवक का शव मिला। मृतक की पहचान लखनऊ के गोसाईंगंज के दहिरामऊ निवासी व्यापारी मुकेश वर्मा के रूप में हुई है।
शव चालक की सीट पर था। पुलिस ने शव को कार से बाहर निकलवाया। संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की गुत्थी सुलझाने को फारेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलन किया। लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं वहीं आत्महत्या की आशंका जता रही है।
विशुनपुर गांव के पास नहर की पटरी पर शनिवार सुबह एक कार काफी देर से खड़ी दिखाई दी। कार के अंदर चालक की सीट पर एक युवक अचेत अवस्था में पड़ा था। पुलिस ने कार की जांच की तो तीन दरवाजे अंदर से लाक मिले, जबकि चालक की तरफ का दरवाजा लाक नहीं था। पुलिस ने कार से युवक को बाहर निकाला, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी।
कार के नंबर के आधार पर पुलिस ने मृतक की पहचान कर स्वजन को सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर पहुंचे परिवारजन ने शव की शिनाख्त मुकेश वर्मा के रूप में की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी।
कार में शव मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं। व्यापारी की मौत आखिर किन परिस्थितियों में हुई और वह अपनी कार लेकर सुनसान स्थान तक कैसे पहुंचा, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। चालक की तरफ का दरवाजा लाक न होने और बाकी तीन दरवाजों के लाक मिलने को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी पर मृतका के पत्नी तरुण चौधरी ने पुलिस को बताया कि शनिवार शाम को पति मुकेश घर से निकले थे। कुछ देर बाद उनकी फोन पर बात हुई और फिर उनका फोन स्विच आफ हो गया। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके मुंह में कैंसर था जिसके आपरेशन के लिए एक जमीन बेची थी। जिसके पूरे पैसे नहीं मिले थे। रुपये मांगने पर खरीददार आनाकानी करते हुए धमकी दे रहे थे।
बच्चों का ध्यान रखना
लोनीकटरा कोतवाल अभिमन्यु मल्ल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला विषाक्त खाकर जान देने का प्रतीत हाे रहा है। मौके पर उल्टी होना, कैंसर से पीड़ित और रुपये की दिक्कत के साथ कल मुकेश ने अपने एक मित्र को वाट्सएप पर मैसेज भी भेजा था कि उसके बच्चों का ध्यान रखना। फिलहाल पोस्टमार्टम से मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा। साथ ही काल डिटेल भी खंगाली जाएगी।
